दिल्ली में 5 फरवरी को मतदान : 8 को घोषित होंगे नतीजे, 1.55 करोड़ वोटर चुनेंगे नई सरकार

by
नई  दिल्ली  :  चुनाव कमीशन ने मंगलवार को दिल्ली विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा कर दी. मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि दिल्ली की 70 सदस्यीय विधानसभा के लिए एक चरण में 5 फरवरी, 2025 को मतदान होगा।
चुनाव नतीजे 8 फरवरी, 2025 को घोषित होंगे. सीईसी राजीव कुमार ने कहा कि इस बार दिल्ली में 1,55,24,858 (1 करोड़ 55 लाख 24 हजार 858) मतदाता वोट डालने के योग्य हैं. इनमें 83.49 लाख पुरुष मतदाता और 71.73 लाख महिला मतदाता हैं. उन्होंने बताया कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए कुल 13033 पोलिंग बूथ बनाए जाएंगे. मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि 85 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग मतदाताओं के लिए भी घर से मतदान की सुविधा रहेगी. जो दिव्यांग पोलिंग बूथ पर जाकर वोट डालना चाहेंगे, उनके लिए व्हीलचेयर की व्यवस्था की जाएगी और रैंप बनाए जाएंगे।
दिल्ली चुनाव का पूरा शेड्यूल इस प्रकार है –
– दिल्ली चुनाव का नोटिफिकेशन 10 जनवरी को जारी होगा
– 17 जनवरी नामांकन की आखिरी तारीख होगी
– कैंडीडेट 20 जनवरी तक अपना नामांकन वापस ले सकेंगे
– 5 फरवरी को दिल्ली में मतदान होगा
– 8 फरवरी को चुनाव परिणाम घोषित होंगे
भ्रष्टाचार के आरोपों से जूझ रही अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी (AAP) दिल्ली में लगातार तीसरी बार जीत दर्ज करने के लिए जोर लगा रही है, जबकि भाजपा ने बाजी पलटने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है. कांग्रेस भी लड़ाई में है, जो अकेले चुनाव लड़ रही है. आम आदमी पार्टी ने 2015 और 2020 के चुनावों में क्रमशः 67 और 62 सीटों के साथ प्रचंड जीत हासिल की थी. बीजेपी को 2015 में 3 और 2020 में 8 सीटों से संतोष करना पड़ा था, जबकि कांग्रेस खाता भी नहीं खोल पाई थी. बता दें कि कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव 2024 में दिल्ली में आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ा था. आम आदमी पार्टी (AAP) ने दिल्ली की सभी 70 सीटों पर अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है. बीजेपी ने अभी तक 29 सीटों पर अपने प्रत्याशियों का ऐलान किया है. वहीं, कांग्रेस ने 48 उम्मीदवारों की घोषणा की है।
अरविंद केजरीवाल एकबार फिर नई दिल्ली से चुनाव लड़ेंगे. यहां उनका मुकाबला बीजेपी के प्रवेश वर्मा और कांग्रेस के संदीप दीक्षित से होगा. मुख्यमंत्री आतिशी कालकाजी से चुनाव मैदान में हैं. यहां उनके सामने बीजेपी ने रमेश बिधूड़ी और कांग्रेस ने अलका लांबा को टिकट दिया है. AAP मंगलवार (7 जनवरी, 2025) को अपना कैम्पेन सॉन्ग ‘फिर लाएंगे केजरीवाल’ लॉन्च किया. यह कैम्पेन सॉन्ग बिजली, पानी सब्सिडी और अन्य लाभों के बारे में बात करता है जो वर्तमान में आम आदमी पार्टी की सरकार के तहत दिल्ली के लोगों को मिल रहे हैं. कैम्पेन सॉन्ग में चुनाव से पहले AAP के प्रमुख वादों का भी उल्लेख किया गया है, जिसमें 18 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को प्रति माह 2,100 रुपये और निजी और सरकारी अस्पतालों में वरिष्ठ नागरिकों के लिए मुफ्त इलाज शामिल है।
वहीं बीजेपी ने दिल्ली चुनाव के लिए नारा दिया है ‘AAP-दा नहीं सहेंगे, बदल कर रहेंगे’. बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली की जनसभाओं में आम आदमी पार्टी को ‘आपदा’ कहकर संबोधित कर रहे हैं. बीजेपी ने उनके इसी कथन को दिल्ली चुनाव के लिए अपना स्लोगन बनाया है. इसके अलावा भाजपा दिल्ली चुनाव के लिए अपने कैम्पेन में अरविंद केजरीवाल के मुख्यमंत्री रहते बनाए गए सीएम हाउस की विलाशिता, शराब घोटाला, यमुना नदी के प्रदूषण, दिल्ली के वायु प्रदूषण, को प्रमुख मुद्दा बना रही है।
Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
पंजाब

भाजपा से कोई लड़ाई नहीं : नवजोत सिंह सिद्धू

चंडीगढ़ :  नवजोत सिंह सिद्धू ने साफ कर दिया है कि उनकी भाजपा से कोई लड़ाई नहीं है, लेकिन जो कांग्रेस नेता अब उनके दुश्मन हैं और बिना वजह विरोध कर रहे हैं, उनसे...
article-image
हिमाचल प्रदेश

आवास योजना का लाभ लेने के लिए करें ऑनलाइन आवेदन : राहुल चौहान

प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत घर बनाने के लिए मिलेंगे ढाई लाख रुपये रोहित जसवाल।  हमीरपुर 07 फरवरी। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी एवं नगर निगम हमीरपुर के आयुक्त राहुल चौहान ने प्रधानमंत्री आवास...
article-image
पंजाब

पंजाब में BJP का बड़ा चुनावी अभियान : 18 सितंबर से निकलेगी 12 दिवसीय महायात्रा

चंडीगढ़: पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने राज्य में अपना चुनावी अभियान तेज करने की तैयारी कर ली है। पार्टी 18 से 30 सितंबर तक राज्यव्यापी महायात्रा निकालने की योजना बना...
article-image
हिमाचल प्रदेश

सवा करोड़ रूपये से बनेगी बालीवाल सिंचाई योजना: राम कुमार

ऊना, 17 फरवरी: राज्य औद्योगिक विकास निगम के उपाध्यक्ष प्रो राम कुमार ने आज ग्राम पंचायत बालीवाल में 1.25 करोड़ की सिंचाई योजना का विधिवत रूप से भूमि पूजन कर निर्माण का शुभारंभ किया।...
Translate »
error: Content is protected !!