नशे के खिलाफ जंग में आगे आएं युवा, चिट्टा मुक्त हिमाचल बनाना सबकी जिम्मेदारी : नरेश ठाकुर

by

चकमोह स्कूल के एनएसएस शिविर में राज्य नशा निवारण बोर्ड के संयोजक ने किया जागरूक; नशे के कारोबार की सूचना 112 और ‘ड्रग फ्री हिमाचल’ ऐप पर देने की अपील

एएम नाथ। बिझड़ी, 23 अक्टूबर। हिमाचल प्रदेश में नशे के बढ़ते खतरे से निपटने के लिए युवाओं को जागरूकता और सामाजिक भागीदारी की अगुवाई करनी चाहिए। प्रत्येक नागरिक, विशेषकर युवा वर्ग, नशे के उन्मूलन के लिए आगे आए। यह बात राज्य नशा निवारण बोर्ड के संयोजक एवं सलाहकार नरेश ठाकुर ने शुक्रवार को बाबा बालकनाथ वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, चकमोह में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय शिविर के तीसरे दिन वॉलंटियरों को संबोधित करते हुए कही।

नरेश ठाकुर ने कहा कि एनएसएस की गतिविधियां विद्यार्थियों में सेवा, समर्पण, सद्भाव और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे गुण विकसित करती हैं। इन गुणों के माध्यम से युवा समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि नशे की समस्या से निपटने के लिए जनजागरूकता के साथ-साथ सामूहिक प्रयास भी जरूरी हैं।

चिट्टा मुक्त हिमाचल अभियान को जन आंदोलन बनाने पर जोर

नरेश ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने नशे के खिलाफ ‘चिट्टा मुक्त हिमाचल’ अभियान शुरू किया है। अभियान को जन आंदोलन का रूप देने के लिए विभिन्न जिलों में एंटी चिट्टा वॉकथॉन सहित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं, जिनमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है और ऐसे मामलों में आरोपियों की संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई भी की जा रही है।

नशे के कारोबार की सूचना देने के लिए 112 और ऐप का उपयोग करें

नरेश ठाकुर ने लोगों से अपील की कि यदि उन्हें नशे के अवैध कारोबार की जानकारी मिले तो वे पुलिस को सूचित करें। इसके लिए आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 और ‘ड्रग फ्री हिमाचल’ ऐप का भी उपयोग किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखने की व्यवस्था है।

नशे से पीड़ित लोगों के उपचार और पुनर्वास पर भी ध्यान

उन्होंने कहा कि नशे की गिरफ्त में आ चुके लोगों को केवल अपराधी के रूप में देखने के बजाय उनके उपचार और पुनर्वास पर भी ध्यान देना जरूरी है। राज्य नशा निवारण बोर्ड प्रदेश में संचालित नशा उपचार एवं पुनर्वास केंद्रों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा कर रहा है, ताकि प्रभावित लोगों को नशे से बाहर निकालकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।

इस अवसर पर बोर्ड के सदस्य रूबल ठाकुर ने भी अपने विचार रखे और एनएसएस वॉलंटियरों से नशा निवारण अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम से पहले विद्यालय के प्रधानाचार्य संजीव कुमार सोहारू, एनएसएस प्रभारी सुरेश कुमार, सुकर्मा देवी, कमल कुमार और अन्य शिक्षकों ने नरेश ठाकुर तथा रूबल ठाकुर का स्वागत किया। उन्होंने शिविर के दौरान आयोजित की जा रही विभिन्न गतिविधियों की जानकारी भी दी।

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
हिमाचल प्रदेश

घायलों की मदद करने वालों को मिलेगी 25 हजार प्रोत्साहन राशि : DC जतिन लाल

सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में बोले उपायुक्त..सामूहिक प्रयासों से ही सड़क हादसों पर लगाम संभव रोहित जसवाल । ऊना, 28 अगस्त. जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक वीरवार को उपायुक्त ऊना जतिन लाल...
article-image
हिमाचल प्रदेश

उच्च शिक्षा को सशक्त बनाने के लिए जल्द भरे जाएंगे 389 शिक्षकों के पद…2026-27 से हिमाचल में एनईपी-2020 के अनुरूप स्नातक पाठयक्रम होंगे शुरू: रोहित ठाकुर

एएम नाथ। शिमला :  शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने आज यहां राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी)-2020 के कार्यान्वयन के लिए गठित राज्य स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक की अध्यक्षता की और उच्च शिक्षा को सशक्त...
article-image
हिमाचल प्रदेश

80 लाख की लागत से निर्मित होने वाले पशु चिकित्सालय का शिलान्यास : राज्य में पशु चिकित्सा सेवा के तहत चलाई जाएंगे 44 मोबाइल वैन: चंद्र कुमार

फसल बीमा योजना मोबाइल वैन को हरी झंडी देकर किया रवाना धर्मशाला, शाहपुर, 29 नवंबर। राज्य के पशु चिकित्सा सेवा के तहत 44 मोबाइल वैन शीघ्र ही चलाई जाएंगी ताकि पशु पालकों को घर...
article-image
हिमाचल प्रदेश

पटवारी कांनगो के खाली पद :सेवानिवृत्ति पटवारी कांनगो को पुर्ननियुक्ति के लिए आवेदन आमंत्रित

बिलासपुर  : उपयुक्त बिलासपुर कार्यालय में पटवारी कांनगो के खाली पदों के लिए पारिश्रमिक आधार पर सेवानिवृत्ति पटवारी कांनगो को पुर्ननियुक्ति के लिए आवेदन आमंत्रित किए जाते हैं। उपायुक्त बिलासपुर आबिद हुसैन सादिक ने...
Translate »
error: Content is protected !!