BJP की 80 सीटों पर नजर, 45 से 50 सीटों पर समझौते की चर्चा; अमित शाह के NDA सरकार वाले बयानों से अटकलें तेज
चंडीगढ़। पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल के बीच दोबारा गठबंधन की संभावनाओं को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। दोनों पूर्व NDA सहयोगियों के बीच गठबंधन पर अंतिम फैसला दिवाली के आसपास होने की चर्चाएं हैं। राजनीतिक गलियारों में यह भी अटकलें हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बठिंडा में प्रस्तावित विशाल रैली के दौरान गठबंधन का ऐलान कर सकते हैं। हालांकि, अभी तक दोनों दलों की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
सीटों के बंटवारे पर पेच
गठबंधन की राह में सबसे बड़ा मुद्दा सीटों का बंटवारा माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, BJP 45 से 50 विधानसभा सीटों पर समझौते की कोशिश कर सकती है। बाकी सीटों पर अकाली दल अपने उम्मीदवार उतार सकता है। हालांकि, अकाली दल का आधिकारिक रुख फिलहाल सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी का है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ओर से पंजाब में NDA सरकार बनने के बार-बार दिए जा रहे बयानों ने गठबंधन की चर्चाओं को और तेज कर दिया है।
9 दिन में दूसरी बार NDA सरकार का जिक्र
अमित शाह ने नौ दिनों के भीतर दूसरी बार पंजाब में NDA सरकार बनने की बात कही है। उन्होंने 24 अक्टूबर को दिल्ली में यमुना पुनरुद्धार परियोजनाओं के शुभारंभ के दौरान पहली बार यह बयान दिया था। इसके बाद चंडीगढ़ प्रशासन के एक कार्यक्रम में भी उन्होंने पंजाब में NDA सरकार बनने की बात दोहराई। BJP के एक वरिष्ठ नेता ने गठबंधन की संभावनाओं पर सकारात्मक संकेत दिए, लेकिन इस संबंध में विस्तृत जानकारी देने से परहेज किया।
मोदी-शाह और बादल परिवार की मुलाकात पर नजर
मंगलवार को नई दिल्ली में होने वाला एक पारिवारिक कार्यक्रम भी पंजाब की राजनीति के लिहाज से चर्चा में है। यह कार्यक्रम BJP उपाध्यक्ष मनप्रीत सिंह बादल की बेटी रिया और कांग्रेस नेता करण सिंह के पोते आरके मार्तंड सिंह के स्वागत के लिए आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम कैप्टन अमरिंदर सिंह की बेटी जय इंदर कौर के आवास पर प्रस्तावित है।
इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, पंजाब BJP के वरिष्ठ नेताओं के अलावा अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल और उनकी पत्नी एवं बठिंडा की सांसद हरसिमरत कौर बादल के शामिल होने की उम्मीद है। ऐसे में इस मुलाकात को लेकर भी राजनीतिक चर्चाएं हो रही हैं।
BJP ने 80 सीटों का तैयार किया आकलन
विधानसभा चुनाव के मद्देनजर BJP ने अपनी चुनावी रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, 117 विधानसभा सीटों में से 80 सीटों की सूची तैयार की गई है, जहां पार्टी को अपनी स्थिति बेहतर होने की उम्मीद है। इस आकलन में 2022 के विधानसभा चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव के वोट शेयर को आधार बनाया गया है।
पार्टी रणनीतिकारों का मानना है कि यदि अकाली दल के साथ गठबंधन होता है तो दोनों दलों के वोट बैंक का संयुक्त प्रभाव चुनावी मुकाबले को प्रभावित कर सकता है। फिलहाल सभी की नजरें गठबंधन की औपचारिक घोषणा और सीटों के बंटवारे पर टिकी हैं।
