अमृतसर। पंजाब में अवैध हथियारों और नशे की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने तीन अलग-अलग नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 11 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12 अवैध पिस्तौल, 2 हैंड ग्रेनेड, 33 जिंदा कारतूस और 310.10 ग्राम हेरोइन बरामद की है।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस कार्रवाई की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में इन नेटवर्क के तार विदेश में बैठे हैंडलरों और गैंगस्टरों से जुड़े होने के संकेत मिले हैं।
ड्रोन के जरिए पहुंचाई जाती थीं खेप
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेश में बैठे हैंडलरों के संपर्क में थे। आरोप है कि सीमा पार से ड्रोन के माध्यम से अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों की खेप भेजी जाती थी। इसके बाद स्थानीय नेटवर्क के सदस्य इन्हें आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों तक पहुंचाते थे।
जांच एजेंसियां अब विदेशी हैंडलरों और स्थानीय आरोपियों के बीच संपर्क के तरीकों, हथियारों की सप्लाई चेन और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी हैं।
रंगदारी के लिए धमकाने और फायरिंग का आरोप
प्रारंभिक जांच के अनुसार, इस नेटवर्क से जुड़े लोग अवैध हथियारों का इस्तेमाल लोगों को डराने और रंगदारी मांगने के लिए करते थे। आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर कुछ लोगों के घरों और दुकानों पर फायरिंग भी की जाती थी। पुलिस बरामद हथियारों का आपराधिक वारदातों में इस्तेमाल होने की आशंका को लेकर जांच कर रही है।
तीन पुलिस थानों में FIR दर्ज
इस कार्रवाई के संबंध में थाना रणजीत एवेन्यू, थाना छेहरटा और थाना सुल्तानविंड में अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच का दायरा बढ़ाते हुए विदेश में बैठे हैंडलरों और स्थानीय नेटवर्क के अन्य सदस्यों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।
