हमीरपुर में यातायात जांच के दौरान हादसा; इंस्पेक्टर कुलवंत सिंह गंभीर रूप से घायल, मेडिकल कॉलेज में करवाया भर्ती
रोहित जसवाल। हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में यातायात जांच और गश्त के दौरान एक स्कूटी चालक ने पुलिस के रुकने के इशारे को नजरअंदाज करते हुए वाहन की रफ्तार बढ़ा दी। इस दौरान स्कूटी अनियंत्रित होकर मौके पर मौजूद थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कुलवंत सिंह से टकरा गई। हादसे में थाना प्रभारी और स्कूटी चालक दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। थाना प्रभारी को गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें उपचार के लिए डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में भर्ती करवाया गया।
पुलिस के अनुसार, थाना सदर हमीरपुर के अंतर्गत चौकी बाजार में यातायात जांच और गश्त की जा रही थी। मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे स्कूटी नंबर HP-22E-7268 पर सवार एक युवक वहां से गुजरा। युवक ने हेलमेट नहीं पहना हुआ था और वह तेज रफ्तार से स्कूटी चला रहा था। पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसकी गति और बढ़ा दी।
इसी दौरान स्कूटी मौके पर मौजूद थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कुलवंत सिंह से टकरा गई। टक्कर लगने से दोनों सड़क पर गिर पड़े। घायल थाना प्रभारी को तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया।
20 वर्षीय चालक के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने स्कूटी चालक की पहचान 20 वर्षीय ऋत्विक कंवर पुत्र उपदेश निवासी गांव ढलवाणा गुजरां, डाकघर कुठेड़ा, तहसील एवं जिला हमीरपुर के रूप में की है। पुलिस ने उसके खिलाफ रुकने के इशारे की अवहेलना करने और तेज रफ्तार व लापरवाही से वाहन चलाकर दुर्घटना करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है।
