बीबीएन,9 अप्रैल (तारा) : दून के विधायक राम कुमार चौधरी ने कहा कि प्रदेश के चहुंमुखी विकास और बी.बी.एन औद्योगिक क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं सृजित करने के लिए प्रयास सरकार निरंतर प्रयासरत है। राम कुमार चौधरी आज दून विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत ठाणा के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में लगभग 70 लाख रुपए की लागत से निर्मित अटल प्रयोगशाला, कृषि प्रयोगशाला, पुस्तकालय भवन, परीक्षा हॉल तथा प्रार्थना सभागार का लोकार्पण करने के उपरांत उपस्थित अध्यापकों, छात्रों व अन्य को सम्बोधित कर रहे थे।
राम कुमार चौधरी ने कहा कि दून विधानसभा क्षेत्र में विद्यार्थियों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए सरकारी विद्यालयों के भवनों का र्जीणोद्धार कर उन्हें आधुनिक बनाया जा रहा है ताकि बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सके।
उन्होंने कहा कि बद्दी में औद्योगिक क्षेत्र तथा जनसंख्या अधिक होने के कारण शिक्षा एवं आधारभूत सुविधाओं की मांग भी अधिक है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गत तीन वर्षों में उद्योगों के सहयोग से कॉर्पाेरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी के माध्यम से स्कूलों में अतिरिक्त कक्ष, परीक्षा हॉल तथा अन्य आधारभूत अधोसंरचना पर लगभग 07 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं।
विधायक ने कहा कि सरकारी स्कूलों में पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम तथा सी.बी.एस.ई. पाठ्यक्रम लागू करने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा दून विधानसभा क्षेत्र की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बद्दी, बरोटीवाला तथा चण्डी को सी.बी.एस.ई. माध्यम में स्तरोन्नत करने की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके अंतर्गत वर्तमान शैक्षणिक सत्र से इन विद्यालयों में सी.बी.एस.ई. पाठ्यक्रम लागू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धात्मक शिक्षा से जोड़ने तथा उनके भविष्य को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
राम कुमार चौधरी ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दून विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा विभिन्न विभागों के माध्यम से पिछले तीन वर्षों में लगभग 600 करोड़ रुपए की राशि उपलब्ध करवाई गई है। उन्होंने कहा कि बद्दी औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण यहां प्रशासनिक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के लिए उपमण्डलाधिकारी कार्यालय, खण्ड प्रारम्भिक शिक्षा कार्यालय, खण्ड विकास अधिकारी कार्यालय, खण्ड चिकित्सा अधिकारी कार्यालय तथा तहसील कल्याण अधिकारी कार्यालय स्थापित किए गए हैं। इससे लोगों को घर-द्वार पर ही सरकारी सेवाओं का लाभ मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत ठाणा के मार्ग को शीघ्र ठीक किया जाएगा तथा बद्दी-ठाणा सड़क मार्ग के कार्य को भी प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त क्षेत्र की अन्य सड़कों के मुरम्मत कार्य के लिए विभाग द्वारा निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत ठाणा की अनुसूचित जाति बहुल बस्ती एवं आस-पास के क्षेत्रों में पेयजल की समस्या के समाधान के लिए हैंडपंप स्थापित किया गया है तथा भविष्य में इस समस्या का स्थाई समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
विधायक ने शिक्षा क्षेत्र को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ठाणा की प्राथमिक कक्षाओं के लिए सी.एस.आर. के माध्यम से दो अतिरिक्त कक्षों के शीघ्र निर्माण का आश्वासन भी दिया। उन्होंने ग्राम पंचायत ठाणा के लोगों द्वारा उठाई गई मांग के अनुरूप में विद्यालय में विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय शुरू करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कर सरकार के माध्यम से इन कक्षाओं को शीघ्र आरम्भ करने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत ठाणा के पूर्व उप प्रधान देवी राम, राम स्वरूप, पूर्व वार्ड पंच खेमचंद, समाज सेवक नरेश, सूबेदार लेखराम, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ठाणा की प्रधानाचार्य शालिनी शर्मा सहित विभिन्न विभाग के अधिकारी तथा ग्रामीण उपस्थित थे।
