शिमला : शिमला में बिजली बोर्ड से सेवानिवृत्त एक अधिकारी का शव बरामद हुआ है। अधिकारी का शव न्यू शिमला के फ्लैट से बरामद हुआ है। यह अधिकारी बिजली बोर्ड से अधिशासी अभियंता के पद से सेवानिवृत्त था।
कल शुक्रवार को पुलिस थाना न्यू शिमला को सूचना प्राप्त हुई कि ब्लॉक-50, सेक्टर-04, न्यू शिमला में एक व्यक्ति अकेले रहते हैं। वह काफी समय से अपने आवास का दरवाजा नहीं खोल रहे हैं। इस कारण आसपास के लोगों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। सूचना मिलते ही पुलिस थाना न्यू शिमला की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। संदेह की स्थिति को देखते हुए गवाहों की उपस्थिति में संबंधित फ्लैट का दरवाजा खोलकर अंदर प्रवेश किया गया।
कमरे के भीतर 50 वर्षीय प्रवेश कुमार पुत्र बिहारी लाल, निवासी गांव व डाकघर थुरल, तहसील पालमपुर, जिला कांगड़ा (हिमाचल प्रदेश), जो वर्तमान में उक्त पते पर अकेले रह रहा था, का शव बरामद हुआ।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक विद्युत विभाग में अधिशासी अभियंता के पद से स्वैच्छिक सेवानिवृत्त थे। यह भी पता चला है कि वे पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव से ग्रस्त थे तथा एंग्जायटी की दवाएं ले रहे थे। उनकी पत्नी का वर्ष 2021 में निधन हो चुका है तथा उनकी कोई संतान नहीं है।
मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी भेजकर शवगृह में सुरक्षित रखा गया है। पोस्टमार्टम कल करवाया जाएगा। प्रारंभिक पूछताछ में परिजनों एवं आसपास के लोगों द्वारा फिलहाल किसी प्रकार का संदेह व्यक्त नहीं किया गया है। मामले में पुलिस द्वारा भारतीय नागरिक न्याय संहिता की धारा 194 के अंतर्गत आवश्यक कार्रवाई करते हुए जांच की जा रही है। पर्यवेक्षक पुलिस अधिकारी ने भी निरीक्षण किया तथा जांच अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश भी जारी किए गए है।
