बेटियां अब देश के भविष्य को दिशा देने के लिए नेतृत्व संभालें : राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता

by
आरकेएमवी के वार्षिक समारोह में छात्राओं को राजनीति और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल का नाम रोशन करने वाली बेटियों को सराहा

एएम नाथ। शिमला। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने कहा कि बेटियों को शिक्षा, प्रशासन और अन्य क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा साबित करने के साथ-साथ राजनीति एवं राष्ट्र निर्माण में भी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए आगे आना चाहिए। देश के विकास को नई दिशा देने के लिए नीति निर्धारण और नेतृत्व के विभिन्न स्तरों पर महिलाओं की प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करना समय की आवश्यकता है।

राज्यपाल शनिवार को राजकीय कन्या महाविद्यालय (आरकेएमवी), शिमला के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह-2026 को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अब बेटियों को केवल विकास प्रक्रिया में सहभागी बनने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि देश के भविष्य को दिशा देने के लिए नेतृत्व की जिम्मेदारियां भी संभालनी चाहिए। शिक्षित, सक्षम और आत्मविश्वास से भरपूर महिलाओं की राजनीति एवं प्रशासन में भागीदारी से निर्णय प्रक्रिया अधिक समावेशी और प्रभावी बनेगी।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के महिला सशक्तिकरण के दृष्टिकोण का उल्लेख करते हुए कहा कि महिला विकास से महिला नेतृत्व में विकास की ओर बढ़ने का संकल्प देश की प्रगति में महिलाओं की निर्णायक भूमिका को दर्शाता है। उन्होंने छात्राओं से राजनीति और सार्वजनिक जीवन को राष्ट्रसेवा के महत्वपूर्ण माध्यम के रूप में अपनाने का आह्वान किया।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमकीं हिमाचल की बेटियां

राज्यपाल ने हिमाचल प्रदेश की बेटियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश की बेटियों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ संकल्प से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान बनाई है। उन्होंने एशियाई खेलों में भारत की स्वर्ण पदक विजेता महिला कबड्डी टीम की सदस्य ऋतु नेगी, पुष्पा राणा, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर के योगदान की विशेष प्रशंसा की। इसके अलावा उन्होंने चंबा की सीमा कुमारी की एथलेटिक्स के क्षेत्र में उपलब्धियों का भी उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि इन बेटियों की सफलता प्रदेश की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। इन उपलब्धियों से साबित होता है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर प्रयासों से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

एआई और डिजिटल तकनीक में दक्ष बनें छात्राएं

राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि बदलते दौर की जरूरतों के अनुसार छात्राओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल तकनीक, नवाचार और अनुसंधान जैसे उभरते क्षेत्रों में दक्ष बनाना जरूरी है। आधुनिक ज्ञान और तकनीक अपनाने के साथ भारतीय संस्कृति एवं जीवन मूल्यों से जुड़ाव बनाए रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।

नशामुक्त हिमाचल के लिए छात्राओं से आगे आने की अपील

युवाओं में बढ़ते नशे के प्रचलन, विशेषकर चिट्टे की समस्या पर चिंता जताते हुए राज्यपाल ने छात्राओं से नशामुक्त हिमाचल अभियान को जन आंदोलन बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और समाज में सकारात्मक वातावरण तैयार करने में विद्यार्थियों की अहम भूमिका है।

उन्होंने छात्राओं से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी इस सामाजिक बुराई के खिलाफ जागरूक करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि वास्तविक महिला सशक्तिकरण तभी संभव है, जब प्रत्येक बेटी को बिना किसी भेदभाव और बाधा के अपनी प्रतिभा के अनुरूप आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें।

मेधावी छात्राओं को बधाई देते हुए राज्यपाल ने कहा कि सफलता का आकलन केवल शैक्षणिक उपलब्धियों से नहीं किया जा सकता। व्यक्ति का चरित्र, अनुशासन, सामाजिक सरोकार और समाज के प्रति योगदान भी उसकी सफलता के महत्वपूर्ण मानदंड हैं। उन्होंने छात्राओं को उत्कृष्टता हासिल करने के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।

शिक्षा और सर्वांगीण विकास में आरकेएमवी के प्रयास सराहे

राज्यपाल ने महिला शिक्षा के क्षेत्र में राजकीय कन्या महाविद्यालय के योगदान की सराहना की। उन्होंने शिक्षा, खेलकूद, एनसीसी, एनएसएस और अन्य गतिविधियों के माध्यम से छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए महाविद्यालय द्वारा किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने छात्राओं के व्यक्तित्व निर्माण में शिक्षकों और अभिभावकों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया।

इस अवसर पर राज्यपाल ने शैक्षणिक एवं अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया। इससे पहले महाविद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. अनुरिता सक्सेना ने राज्यपाल का स्वागत किया और वार्षिक रिपोर्ट 2025-26 प्रस्तुत की।

उन्होंने बताया कि महाविद्यालय ने वर्ष 2025-26 की आंतरिक रैंकिंग में टियर-1 सरकारी महाविद्यालयों में दूसरा स्थान हासिल किया है। इसके अलावा पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए महाविद्यालय को हिमाचल प्रदेश पर्यावरण नेतृत्व पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समां बांधा। महाविद्यालय की ओर से राज्य रेडक्रॉस सोसायटी के लिए 25 हजार रुपये का चेक भी राज्यपाल को भेंट किया गया। कार्तिक चौहान ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव संदीप भारद्वाज, विभिन्न महाविद्यालयों के प्रधानाचार्य और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
हिमाचल प्रदेश

हरोली विस क्षेत्र में चार ओवर हैड टैंकों के निर्माण पर 1.20 करोड़ हो रहे खर्च: राम कुमार

राम कुमार ने पंजावर व लोअर पंजावर में दो ओवर हैड टैंकों का किया भूमिपूजन ऊना, 4 अक्तूबर: एचपीआईएसआईडी के उपाध्यक्ष प्रो. राम कुमार ने आज हरोली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत गांव पंजावर व...
article-image
हिमाचल प्रदेश

ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती और जनकल्याण प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता: कृषि मंत्री चंद्र कुमार

कृषि मंत्री ने गांवों में मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के अधिकारियों को दिए निर्देश। कृषि मंत्री ने भोल खास तथा हरनोटा पंचायत में सुनी जनसमस्याएं। ज्वाली 27 : कृषि व पशुपालन मंत्री प्रो0...
article-image
हिमाचल प्रदेश

बरसात के मौसम को लेकर एसडीएम बंगाणा ने जारी किए दिशा-निर्देश

ऊना 7 जुलाई: बरसात के मौसम को मध्यनज़र रखते हुए एसडीएम बंगाणा योगराज धीमान ने बीडीओ व सभी पंचायत सचिवों को निर्देश दिए हैं कि वह सुनिश्चित करें कि लठियाणी-मंदली धार पर रहने वाले...
Translate »
error: Content is protected !!