2027 चुनावों में पार्टी की जीत के लिए दिन-रात मेहनत का ऐलान
गढ़शंकर, 4 अक्तूबर (सतलुज ब्यास टाइम्स) : भाजपा की ओर से बीत मंडल के पूर्व अध्यक्ष विजय कुमार बिल्ला को पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा, सक्रियता और लंबे समय से की जा रही मेहनत को देखते हुए भाजपा ओबीसी मोर्चा स्टेट ऑफिस का को-इंचार्ज नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति को पार्टी संगठन में ओबीसी समाज की भागीदारी और पहुंच को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
अपनी नियुक्ति पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए विजय कुमार बिल्ला ने इसके लिए पूर्व सांसद एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता अविनाश राय खन्ना सहित पार्टी की समूची लीडरशिप का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी की ओर से उन्हें सौंपी गई यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान और गर्व की बात है। वह इस जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी, मेहनत और निष्ठा के साथ निभाएंगे।
विजय कुमार बिल्ला ने कहा कि ओबीसी समाज की समस्याओं और मांगों को पार्टी मंच पर मजबूती से उठाया जाएगा तथा समाज के लोगों को भाजपा की नीतियों और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए जमीनी स्तर पर काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं को साथ लेकर पूरी सक्रियता से काम करेंगे।
उन्होंने कहा कि 2027 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव भाजपा के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। पार्टी के उम्मीदवारों को मजबूत करने और उन्हें जीत दिलाने के लिए वह कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर दिन-रात मेहनत करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियों और संगठनात्मक ताकत को बूथ स्तर तक मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
