मंडी। हिमाचल प्रदेश के नेरचौक में एक दर्दनाक हादसे में ढाई साल के बच्चे की पानी से भरी बाल्टी में डूबने से मौत हो गई। घटना नगर परिषद के वार्ड नंबर नौ के डडौर क्षेत्र की है। मृतक की पहचान अनिरुद्ध अबरोल पुत्र रोहित अबरोल के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को बच्चे की मां घर में कपड़े धो रही थीं। कपड़े धोने के बाद वह उन्हें सुखाने के लिए बाहर गईं। इसी दौरान उन्हें अचानक चक्कर आया और वह बेहोश हो गईं। बताया जा रहा है कि इसी बीच अनिरुद्ध बाथरूम में चला गया और वहां रखी पानी से भरी बाल्टी में गिर गया।
कुछ समय बाद मां को होश आया तो उन्होंने बच्चे को बाल्टी में पड़ा देखा। परिजन तुरंत उसे नेरचौक मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से परिवार में शोक छा गया है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके से संबंधित जानकारी जुटाकर जांच शुरू कर दी है। एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस हादसे के कारणों की छानबीन कर रही है।
