मुख्यमंत्री ने खुद नाव पर सवार होकर होशियारपुर के बाढ़ प्रभावित इलाकों का किया दौरा : मुख्यमंत्री ने कहा संकट की इस घड़ी में हेलीकॉप्टर समेत सरकार की पूरी मशीनरी लोगों की मदद कर रही

by

होशियारपुर, 17 अगस्त : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज ज़मीनी स्तर पर स्थिति का जायज़ा लेने के लिए स्वयं किश्ती में सवार होकर होशियारपुर ज़िले के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया।
एन. डी. आर. एफ. के जवानों के साथ किश्ती में सवार होकर मुख्यमंत्री गाँव रड़ा व फत्ता कुल्ला गए और उसके बाद गाँव हलेड़ जनार्दन का दौरा किया। उन्होंने कहा कि प्रभावित स्थानों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर लेकर जाने को यकीनी बनाने के लिए अधिकारियों को आदेश दिए गए हैं। भगवंत मान ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राज्य सरकार के लिए हरेक नागरिक की ज़िंदगी बहुत अनमोल है और लोगों को इस मुश्किल घड़ी में से निकालने के लिए कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी जाएगी।
इसके बाद पत्रकारों के साथ बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के हेलीकॉप्टर सहित समूची मशीनरी लोगों की मदद में है। उन्होंने कहा कि चाहे राज्य में बारिश नहीं पड़ी परन्तु पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश पड़ने के कारण पंजाब के इन इलाकों में बाढ़ आयी है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि ताज़ा स्थिति का पता लगाने के लिए वह हिमाचल प्रदेश सरकार और भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड के साथ लगातार संबंध रख रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि पौंग डैम से अतिरिक्त पानी छोड़ने के कारण यह ज़िला बुरी तरह प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि चाहे पौंग डैम खतरे के निशान से छह फुट ऊपर है परन्तु फिर भी चिंता वाली कोई बात नहीं है क्योंकि पहले यह खतरे के स्तर से 10 फुट से ऊपर था। भगवंत सिंह मान ने कहा कि लोगों की सुरक्षा के लिए डैम से कंट्रोल ढंग के साथ पानी छोड़ा जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि भाखड़ा डैम में पानी खतरे के निशान से नीचे है। उन्होंने कहा कि इस संकट की घड़ी में लोगों को राहत देने के लिए हर संभव यत्न किये जा रहे हैं। भगवंत सिंह मान ने यह भी कहा कि राज्य के लोगों में संकट के समय का मुकाबला करने का अद्वितीय जज़्बा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के लोग इस मुश्किल घड़ी में एक दूसरे के साथ प्यार और मेल-मिलाप की विलक्षण भावना व्यक्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोग मिशनरी भावना के साथ एक-दूसरे की मदद कर रहे हैं जिससे भाईचारक सांझ की जड़े और मज़बूत हो रही हैं। भगवंत सिंह मान ने इस नेक प्रयास के लिए लोगों की सराहना करते हुये कहा कि इसने साबित कर दिया है कि लोग महान गुरूओं, संतों- महात्माओं और पीर- पैगंबरों की तरफ से दिखाऐ मार्ग पर चलते हुये दुखी लोगों की सेवा करते हैं।
मुख्यमंत्री ने उन परोपकारी लोगों की भी सराहना की जो ‘मुख्यमंत्री राहत फंड’ में खुले दिल से योगदान डाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी प्रशासन के साथ-साथ कई सामाजिक और धार्मिक संस्थाएं भी लोगों की मदद के लिए आगे आ रही हैं। भगवंत सिंह मान ने कहा कि जहाँ हर ओर से मदद मिल रही है, वहीं राज्य सरकार लोगों की भलाई के लिए इन फंडों का उचित प्रयोग करने के लिए वचनबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार ने राज्य में बाढ़ के कारण लोगों के हुए नुकसान का पता लगाने के लिए पहले ही विशेष गिरदावरी के हुक्म दिए हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को हिदायत की गई है कि विशेष गिरदावरी निष्पक्ष ढंग के साथ की जाये जिससे पीड़ित लोगों को हुए नुकसान की भरपायी की जा सके। भगवंत मान ने लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी सरकार लोगों को मुआवज़ा ज़रूर देगी चाहे उनकी मुर्ग़ी या बकरी का नुकसान हुआ हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि फसलों, पशुओं, मकान या किसी भी चीज़ के नुकसान की विशेष गिरदावरी करवाई जायेगी जिससे इस नुकसान का लोगों को मुआवज़ा दिया जा सके। उन्होंने कहा कि इन निचले इलाकों में जहाँ पानी ने तबाही मचायी है, उसके नुकसान का भी पता लगाया जाएगा और लोगों को बनता मुआवज़ा दिया जायेगा। भगवंत सिंह मान ने लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी सरकार बाढ़ के दौरान लोगों के हुए एक- एक पैसे के नुकसान का मुआवज़ा देगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों को घबराने की कोई ज़रूरत नहीं है क्योंकि राज्य सरकार लोगों को राहत देने के लिए युद्ध स्तर पर काम कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को कहा कि वे पानी के स्तर सम्बन्धी जानकारी लोगों के साथ निरंतर तौर पर सांझी करें जिससे किसी भी दुविधा से बचा जा सके। भगवंत सिंह मान ने कहा कि लोगों को तब तक बाढ़ के बारे या डैमों के फ्लड गेट खोलने के बारे फैलाई जाती अफ़वाहों पर यकीन न करने के लिए कहा, जब तक अधिकारियों की तरफ से इसकी पुष्टि नहीं की जाती। उन्होंने मीडिया को भी अपील की कि वह बाढ़ के बारे गलत खबरों को सनसनीखेज़ ढंग के साथ पेश न करें और इस कठिन समय में सकारात्मक भूमिका निभाएं।
इस मौके पर मुख्यमंत्री के साथ कैबिनेट मंत्री ब्रम शंकर जिम्पा, विधायक जसबीर सिंह राजा, विधायक  करमबीर सिंह घुम्मण, विधायक डा. रवजोत सिंह, विधायक  अमरपाल सिंह, डीसी कोमल मित्तल, एसएसपी सरताज सिंह चाहल, चेयरमैन इंप्रूवमेंट ट्रस्ट हरमीत सिंह औलख, होशियारपुर सहकारी बैंक के चेयरमैन विक्रम शर्मा, मुकेरियां हलका इंचार्ज जीएस मुल्तानी,  जिला देहाती अध्यक्ष गुरविंदर सिंह पाबला, लोक सभा अध्यक्ष हरविंदर सिंह बक्शी भी उपस्थित थे

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
पंजाब

स्टेट अवॉर्ड मिलने पर साइक्लिस्ट बलराज सिंह चौहान का डॉ. राज कुमार (सांसद) की ओर से विशेष सम्मान

होशियारपुर/दलजीत अजनोहा : -डॉ. राज कुमार, सांसद होशियारपुर ने अंतरराष्ट्रीय साइक्लिस्ट बलराज सिंह चौहान को पंजाब सरकार की ओर से स्वतंत्रता दिवस पर मिला स्टेट अवॉर्ड प्राप्त करने पर विशेष सम्मानित किया। इस अवसर...
article-image
पंजाब

होशियारपुर ने अंडर-19 क्रिकेट में नवांशहर को 50 रनों से हराकर 5 अंक किए अर्जित : डा. रमन घई

मनवीर हीर व ऐशवीर ने बल्लेबाजी तथा कृष्ण वालिया, असिसजोत, अर्यन ने गेंदबाजी में किया शानदार प्रदर्शन होशियारपुर / दलजीत अजनोहा : पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा करवाई जा रही दो दिवसीय अंतर जिला अंडर-19...
article-image
पंजाब

रोष मार्च के रास्ते में आकर डिप्टी स्पीकर ने लिया मांग पत्र : पंजाब इंप्लाइज एंड पेंशनर्स संयुक्त फ्रंट द्वारा कर्मचारियों की मांगों को लेकर शहर में रोष प्रदर्शन

गढ़शंकर, 10 फरवरी : पंजाब कर्मचारी एवं पेंशनर संयुक्त मोर्चा पंजाब के निमंत्रण के तहत पंजाब कर्मचारी एवं पेंशनर संयुक्त मोर्चा के संगठन द्वारा संयुक्त रूप से गांधी पार्क गढ़शंकर में एकत्र होकर और...
Translate »
error: Content is protected !!