रक्कड़-परागपुर में जमीन अधिग्रहण पर विधानसभा में घमासान : सुक्खू बोले- परिवार की जमीन पर बना दिया था पानी का टैंक

by

एएम नाथ।  शिमला, 27 अगस्त :  हिमाचल प्रदेश विधानसभा में गुरुवार को कांगड़ा जिले के रक्कड़-परागपुर में जल जीवन मिशन के तहत जल शक्ति विभाग के लिए जमीन अधिग्रहण का मामला गरमा गया। भाजपा विधायक आशीष शर्मा के सवाल पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू और विपक्ष के बीच तीखी बहस हुई।

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सदन में कहा कि रक्कड़-परागपुर में उनके परिवार की पुश्तैनी जमीन पर पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में परिवार को सूचित किए बिना जल शक्ति विभाग ने पानी का टैंक बना दिया था। उन्होंने कहा कि उनका परिवार उस जमीन को बेचना नहीं चाहता था।

मुख्यमंत्री के अनुसार, जमीन पत्थर वाली थी और वहां क्रशर लगाया जा सकता था। पानी का टैंक बनने के बाद उसके 500 मीटर के दायरे में खनन की अनुमति नहीं मिलती। उन्होंने बताया कि उनके बड़े भाई ने भी जमीन सरकार को देने से इनकार कर दिया था और मामला नादौन कोर्ट तक पहुंचा, जहां स्टे भी मिला था।

सुक्खू ने कहा कि जब अधिकारियों की नौकरी पर संकट की स्थिति बनी तो उन्होंने स्वयं अपने भाई को जमीन सरकार को देने के लिए राजी किया, ताकि क्षेत्र के लोगों को पीने का पानी उपलब्ध करवाया जा सके।

50 लाख रुपये प्रति कनाल कीमत, 18 लाख में खरीदी जमीन

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि रक्कड़-परागपुर क्षेत्र में जमीन की कीमत करीब 50 लाख रुपये प्रति कनाल है। इसके बावजूद सरकार ने उनके परिवार की 10 कनाल जमीन 18 लाख रुपये में खरीदी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस जमीन का भुगतान पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में किया गया था।

उन्होंने कहा कि जमीन का अधिग्रहण भू-अधिग्रहण के लिए गठित कमेटी की सिफारिशों के आधार पर किया गया था। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि इस मामले की जांच प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा की जा चुकी है।

आशीष शर्मा ने उठाए सवाल

भाजपा विधायक आशीष शर्मा ने कहा कि वर्ष 2012 में यह जमीन करीब 2,700 रुपये में खरीदी गई थी, जबकि बाद में विभाग ने इसी जमीन को 18 लाख रुपये में खरीदा। उन्होंने मामले की पूरी स्थिति सदन में स्पष्ट करने की मांग की।

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि इस मामले से संबंधित सवाल पहले भी विधानसभा में लगाया जा चुका है। उन्होंने कहा कि जमीन की खरीद पूर्व भाजपा सरकार के समय हुई थी।

जयराम ठाकुर बोले- जमीन किस दर पर और किस विभाग ने खरीदी, स्पष्ट करे सरकार

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर का जिक्र करते हुए कहा कि वह इस मामले में स्थिति बेहतर तरीके से स्पष्ट कर सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि मामला हाईकोर्ट तक पहुंचा था।

इस पर जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार बार-बार पूर्व भाजपा सरकार का जिक्र कर रही है, जबकि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है। उन्होंने सरकार से स्पष्ट करने को कहा कि जमीन किस दर पर और किस विभाग ने खरीदी थी।

जयराम ठाकुर ने कहा कि यदि जमीन मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नाम पर थी और सरकार को इसकी जानकारी होती, तो ऐसी जमीन खरीदने का फैसला नहीं लिया जाता। उन्होंने कहा कि सरकार को पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए, ताकि ऐसा कोई संदेश न जाए कि दोनों पक्षों ने मिलकर कुछ किया है।

भाजपा विधायक बिक्रम ठाकुर ने भी सरकार से मामले में पूरी जानकारी सदन के सामने रखने की मांग की।

विधानसभा अध्यक्ष ने रिकॉर्ड देखने की बात कही

मामले को लेकर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि वह रिकॉर्ड देखकर पता लगाएंगे कि यह सवाल पहले सदन में पूछा गया था या नहीं।

इस पर भाजपा विधायक आशीष शर्मा ने कहा कि पहले पूछा गया सवाल अलग था और वर्तमान सवाल अलग है। उन्होंने कहा कि विधायक होने के नाते उन्हें सवाल पूछने का पूरा अधिकार है।

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
हिमाचल प्रदेश

आपदा के एक वर्ष बाद भी नहीं पड़ी फलाचन नदी में बहे दोगडा पुल की नींव : सैकड़ों लोग परेशान, बढ़ता जा रहा है पुल का इंतजार

फलाचन नदी पर दोगड़ा पुल का निर्माण कार्य जल्द शुरू करे सरकार- ग्रामीण. तीर्थन घाटी गुशैनी (परस राम भारती):- जिला कुल्लू उपमंडल बंजार में तीर्थन घाटी की दुर्गम ग्राम पंचायत मशियार में दोगड़ा पुल...
article-image
समाचार , हिमाचल प्रदेश

नशे की रोकथाम को जागरूकता और कड़ी कार्रवाई के साथ चलेगा समन्वित अभियान: अपूर्व देवगन

मंडी, 3 मार्च :  जिला स्तरीय नार्को समन्वय समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त अपूर्व देवगन ने कहा कि आने वाले वित्तीय वर्ष में नशामुक्ति को लेकर व्यापक, बहुस्तरीय और परिणामोन्मुख रणनीति...
article-image
दिल्ली , पंजाब , राष्ट्रीय , हरियाणा , हिमाचल प्रदेश

महाकुंभ भगदड़ हादसा नहीं थी साजिश !, ATS के रडार पर 10 हजार संदिग्ध : सुरक्षा एजेंसियां कर रही जांच

प्रयागराज में महाकुंभ भगदड़ की जांच अब साजिश की ओर मुड़ रही है। यूपी और केंद्र सरकार की एजेंसियां इसे हादसा नहीं, साजिश मानकर जांच कर रही हैं। यूपी में राष्ट्रीय जांच एजेंसी ,...
article-image
हिमाचल प्रदेश

हिमकेयर व आयुष्मान योजना में शामिल होगी रोबोटिक सर्जरी! ..कर्मचारियों को मेडिकल रीइंबर्समेंट मिलेगा : सीएम सुक्खू

एएम नाथ । शिमला : हिमाचल प्रदेश में रोबोटिक सर्जरी को आयुष्मान व हिमकेयर योजना के पैकेज में शामिल करने पर विचार होगा। फिलहाल यह आयुष्मान भारत और हिमकेयर योजना के पैकेज में शामिल...
Translate »
error: Content is protected !!