शोघी के पास टैक्सी रोककर स्पेशल सेल ने की कार्रवाई, पुलिस को नशा सप्लाई नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश
एएम नाथ। शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में नशे की खेप सप्लाई करने के कथित प्रयास में पंजाब के अमृतसर निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। स्पेशल सेल शिमला की टीम ने शोघी के पास एक टैक्सी को रोककर तलाशी ली तो आरोपी के कब्जे से 257 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। आरोपी की पहचान रेशम सिंह (34) निवासी अमृतसर, पंजाब के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, स्पेशल सेल की टीम संदिग्ध सप्लायर पर काफी समय से नजर रख रही थी। आरोपी को पकड़ने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत शोघी के नजदीक टैक्सी की जांच की गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 257 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक, बरामद मात्रा वाणिज्यिक श्रेणी में आती है।
मामले में पुलिस थाना बालूगंज में केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस अब पूछताछ के आधार पर नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
इस साल 5.5 किलो चिट्टा और हेरोइन बरामद
शिमला पुलिस के अनुसार, इस वर्ष अब तक करीब 5.5 किलोग्राम चिट्टा और हेरोइन बरामद की जा चुकी है। पुलिस ने इसकी अनुमानित कीमत 30 करोड़ रुपये से अधिक बताई है। इसमें करीब 1.120 किलोग्राम हेरोइन की बरामदगी भी शामिल है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग छह करोड़ रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, इसके अतिरिक्त करीब एक करोड़ रुपये मूल्य की वाणिज्यिक मात्रा में एलएसडी, 16.5 किलोग्राम चरस, 14 किलोग्राम अफीम और छह किलोग्राम पॉपी हस्क भी बरामद की गई है। वहीं, भांग और अफीम की अवैध खेती के 10 लाख से अधिक पौधों को नष्ट करने की कार्रवाई भी की गई है।
पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान जारी है और बरामदगी के मामलों में सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।
