600 किसानों से जुड़ा है भुंतर का किसान उत्पादक संगठन
एएम नाथ। शिमला, 22 अक्तूबर। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में उत्पादित सिंदूरी किस्म के 1.3 मीट्रिक टन अनार संयुक्त अरब अमीरात के दुबई शहर को निर्यात किए गए हैं। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने इसे प्रदेश के किसानों और बागवानों की उपज को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आर्थिकी मजबूत करने और उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों और बागवानों को देश-प्रदेश के बाजारों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच उपलब्ध करवाने के लिए आवश्यक सुविधाएं और सहयोग दिया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य कृषि एवं बागवानी उत्पादों के विपणन को बेहतर बनाकर किसानों की आय बढ़ाने के अवसर उपलब्ध करवाना है।
भुंतर के किसान उत्पादक संगठन के माध्यम से जुटाए अनार
अनार के निर्यात में कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा), चंडीगढ़ के क्षेत्रीय कार्यालय ने सहयोग दिया। अनार कुल्लू के किसानों और भुंतर स्थित किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) के माध्यम से एकत्र किए गए। इस संगठन से करीब 600 किसान जुड़े हुए हैं।
इस खेप के लिए अनार की आपूर्ति करने वाले किसानों में रीना देवी, संजय कुमार, नितिश कुमार और वीर सिंह गुलेरिया शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार कृषि एवं बागवानी उत्पादों के निर्यात को प्रोत्साहित करने के लिए हरसंभव सहयोग दे रही है। इससे किसानों को अपनी उपज के लिए बेहतर बाजार तलाशने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने के अवसर मिल सकते हैं।
जून में चेरी और प्लम की खेप ओमान भेजी गई
मुख्यमंत्री ने बताया कि इसी वर्ष जून में शिमला जिले के जड़ोल-टिक्कर और बागी क्षेत्रों के छह प्रगतिशील किसानों की ओर से उत्पादित 400 किलोग्राम चेरी और 400 किलोग्राम प्लम की पहली खेप ओमान निर्यात की गई थी।
उन्होंने किसानों से अंतरराष्ट्रीय बाजारों की मांग के अनुरूप उच्च गुणवत्ता वाले फल और फसलें उगाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता पर ध्यान देकर हिमाचल प्रदेश के कृषि एवं बागवानी उत्पादों को वैश्विक बाजारों में विशिष्ट पहचान दिलाई जा सकती है।
