शुक्रवार को हमीर भवन में होगी बैठक, विभागों के आय-व्यय, ऑडिट पैरों और लंबित मामलों की होगी समीक्षा
एएम नाथ। हमीरपुर, 22 अक्तूबर। हिमाचल प्रदेश विधानसभा की स्थानीय निधि लेखा समिति शुक्रवार को हमीरपुर के हमीर भवन में जिला अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न विभागों, बोर्डों-निगमों, संस्थानों और शहरी निकायों के वित्तीय मामलों की समीक्षा करेगी। बैठक सुबह 10 बजे शुरू होगी। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने विभागों से संबंधित आय-व्यय, ऑडिट पैरों और अन्य महत्वपूर्ण मामलों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करके बैठक में उपस्थित हों।
बैठक की तैयारियों और संबंधित मामलों की समीक्षा के लिए उपायुक्त ने वीरवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जिला अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि समिति के समक्ष प्रस्तुत किए जाने वाले मामलों की पूरी जानकारी और आवश्यक रिकॉर्ड पहले से तैयार रखा जाए, ताकि समीक्षा के दौरान तथ्यों के आधार पर जानकारी उपलब्ध करवाई जा सके।
आय-व्यय और लंबित ऑडिट पैरों की होगी समीक्षा
स्थानीय निधि लेखा समिति की बैठक में विभिन्न विभागों, बोर्डों-निगमों, संस्थानों और शहरी निकायों के आय-व्यय, लंबित ऑडिट पैरों तथा अन्य महत्वपूर्ण वित्तीय मामलों पर चर्चा की जाएगी। समिति का उद्देश्य संबंधित मामलों की समीक्षा करना और लंबित विषयों के निपटारे की स्थिति का जायजा लेना है।
समिति में सभापति एवं विधायक संजय रत्न के अलावा विधायक डॉ. हंसराज, इंद्र दत्त लखनपाल, मलेंद्र राजन, कुलदीप राठौर और विवेक शर्मा शामिल हैं।
एडीसी ने भी तैयारियों का लिया जायजा
उपायुक्त की बैठक के बाद अतिरिक्त उपायुक्त अभिषेक गर्ग ने हमीर भवन में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर समिति के दौरे की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने भी अधिकारियों से अपने विभागों से संबंधित मामलों का रिकॉर्ड और रिपोर्ट तैयार रखने को कहा।
इस अवसर पर नगर निगम हमीरपुर के आयुक्त राकेश शर्मा, सहायक आयुक्त एवं एसडीएम हमीरपुर संजीत सिंह, एसडीएम भोरंज शशिपाल शर्मा, एसडीएम बड़सर स्वाति डोगरा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
