कृषि मंत्री ने किया 1.75 करोड़ की लागत से बनने वाले पशु चिकित्सालय का शिलान्यास : सभी अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा संस्थान, आधा हिमाचल होगा इससे कवर

by

धर्मशाला । कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चन्द्र कुमार ने आज बुद्धवार को शाहपुर में 1 करोड़ 75 लाख की लागत से बनने वाले पशु चिकित्सालय का शिलान्यास कर भूमिपूजन किया। उन्होंने इसके बाद शाहपुर के गोरडा में जाइका द्वितीय चरण के कार्यालय का उद्घाटन कर इसे क्षेत्र की जनता को समर्पित किया। इस दौरान शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक केवल सिंह पठानिया भी उपस्थित रहे। कृषि मंत्री ने उद्घाटन-शिलान्यास के उपरांत गोरडा में जनसभा को संबोधित करते हुए लोगों को अपने विभाग से संबंधित विषयों की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि शाहपुर में पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय श्री वीरभद्र सिंह ने पशु पॉलिक्लीनिक का उद्घाटन किया था। उन्होंने कहा कि यह संस्थान प्रदेश के पहले पॉलिक्लीनिक में से एक है लेकिन बाद में किसी ने इसके स्तरोन्नयन के लिए किसी ने कोई कदम नहीं उठाया। कृषि मंत्री ने कहा कि स्थानीय विधायक केवल सिंह पठानिया ने क्षेत्र वासियों की इस मांग को सरकार के समक्ष लाया और आज इस स्थान पर पशु चिकित्सालय का शिलान्यास किया गया।
*होंगी सभी आवश्यक सुविधाएं*
प्रो. चंन्द्र कुमार ने कहा कि तीन मंजिला बनने वाले इस पशु चिकित्सालय में सर्जरी रूम, अल्ट्रासोनोग्राफी रूम, एनेस्थीसिया रूम, माइक्रोबायोलॉजी तथा पैथोलॉजी लैब सहित रोग निदान और निगरानी इकाई भी स्थापित की जाएगी। उन्होंने कहा यहां छोटे और बड़े सभी प्रकार के पशुओं के उपचार के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पशुओं के उपचार के अलावा यहां गंभीर बिमारियों से लड़ने के लिए चिकित्सकों द्वारा शोध भी किया जाएगा, जिसके लिए यहां एक बड़ा सभागार और पुस्तकालय का निर्माण भी प्रस्तावित है।
उन्होंने कहा कि शाहपुर में बनने वाला यह आधुनिक पशु चिकित्सालय लगभग आधे हिमाचल को कवर करेगा। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त पड़ोसी राज्य के लोग भी अपने पशुओं के रोग निदान और उपचार के लिए यहां की सेवाओं का लाभ ले सकेंगे। उन्होंने कहा कि इस पशु चिकित्सालय के निर्माण के लिए शुरुआत में 1 करोड़ 75 लाख की राशि स्वीकृत की गई है। उन्होंने कहा कि अगर आवश्यकता पड़ी तो सरकार इसके निर्माण के लिए और अधिक राशि उपलब्ध करवाएगी।
*गोरडा में जाईका कार्यालय का उद्घाटन*
कृषि मंत्री ने शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के गोरडा में जाइका द्वितीय चरण खण्ड परियोजना प्रबंधन इकाई कार्यालय का उदघाटन किया। उन्होंने बताया कि शाहपुर में स्थापित इस खण्ड परियोजना प्रबंधन इकाई के अंतर्गत जिला कांगड़ा के सात विकास खंड सम्मिलित हैं। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश फसल विविधीकरण – चरण 2 में इस कार्यालय के अंतर्गत 22 परियोजनाएं प्रस्तावित हैं, जिससे लगभग 813.92 हैक्टेयर कृषि योग्य भूमि में सिंचाई क्षमता का निर्माण किया जाएगा।
प्रो. चन्द्र कुमार ने बताया कि किसानों के खेतों तक सिंचाई योग्य जल उपलब्ध करवाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इसके लिए एक हजार दस करोड़ के बजट का प्रावधान जाइका में किया गया है। उन्होंने कहा कि इसके तहत जाइका द्वितीय चरण में जिला कांगड़ा में कुल 83 परियोजनाओं पर कार्य किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके अंतर्गत जिले में 2837.16 हेक्टेयर कृषि योग्य भूमि में सिंचाई क्षमता का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कूलहें हमारे कृषक समाज के लिए संजीवनी हैं। उन्होंने कहा कि इनके संरक्षण, रख-रखाव और सफाई के लिए लिए सभी लोग जिम्मेदारी से कार्य करें।
*खेतीबाड़ी और पशुपालन गौरव का विषय*
कृषि मंत्री ने कहा कि खेतीबाड़ी और पशुपालन हमारी पहचान और संस्कृति का अभिन्न अंग हैं। उन्होंने कहा कि यह गौरव का विषय हैं और इससे हटना अच्छी बता नहीं है। उन्होंने कहा कि गौसेवा, गौपालन और खेतों में काम करने से हमारा स्वास्थ्य अच्छा रहता है। उन्होंने कहा कि आज होने वाले अधिकतम रोग खराब जीवनशैली के कारण हैं। खेतीबाड़ी और पशुपालन से हमारी जीवनशैली सधी हुई रहती है और स्वास्थ्य भी बढ़िया रहता है।
*शाहपुर में हो रहा महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम: केवल सिंह पठानिया*
शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ने इस दौरान वेटेरीनरी अस्पताल के शिलान्यास और जाइका द्वितीय चरण कार्यालय के उद्घाटन के लिए कृषि मंत्री का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार बनने के बाद आमजन से जुड़े विषयों पर गंभीरता से कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार बनने के पांच महीने में ही शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों की लागत से महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य किया गया है। केवल सिंह पठानिया ने कहा कि शाहपुर को आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाने के लिए सभी आवश्यक प्रयास वे करेंगे।
*एग्रीकल्चर फार्म झुलाड़ का किया निरीक्षण*
कार्यक्रम के बाद कृषि मंत्री और केवल सिंह पठानिया ने झुलाड़ में एग्रीकल्चर फार्म में गेहूं के बीज की ग्रडिंग मशीन का निरीक्षण किया। प्रो. चन्द्र कुमार ने झुलाड़ एग्रीकल्चर फार्म को सुचारू रूप से चलाते हुए इसे अत्याधुनिक बनाने के निर्देश विभाग के अधिकारियों को दिए।
*यह रहे उपस्थित*
इस अवसर पर कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. राजेश सूद, हि.प्र. फसल विविधीकरण प्रोत्साहन परियोजना के निदेशक डॉ. सुनील चौहान, एसडीएम शाहपुर करतार चंद, उप निदेशक कृषि डॉ. राहुल कटोच, जाइका जिला परियोजना प्रबंधक डॉ. राजेश कुमार, खंड परियोजना प्रबंधक डॉ. नंदिनी, पशुपालन विभाग से डॉ. सुजय शर्मा, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष सुरजीत राणा सहित बड़ी संख्या में कृषक और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
दिल्ली , पंजाब , राष्ट्रीय , हरियाणा , हिमाचल प्रदेश

IOA की अध्यक्ष पीटी उषा ने कहा – विनेश को सभी तरह की मेडिकल और इमोशनल सपोर्ट दे रहे : रातभर हुई वजन घटाने की कोशिश- काटे बाल, डॉ. ने बताया क्यों फेल हुईं विनेश

रिस ओलंपिक 2024 के 50kg महिला फ्रीस्टाइल कुश्ती के फाइनल से भारतीय पहलवान विनेश फोगाट को अयोग्य करार दिया गया है। उनका वजन जरूरी 50kg से 100 ग्राम अधिक था। IOA की अध्यक्ष पीटी...
article-image
हिमाचल प्रदेश

चबूतरा, रंगड़ और सपाहल में ‘मासिक धर्म शर्म का नहीं, गर्व का विषय पर आयोजित किए जागरुकता कार्यक्रम’ : किशोरियों को 50 हजार के सेनेटरी पैड देगी ग्राम पंचायत रंगड़

सुजानपुर 28 दिसंबर। मासिक धर्म से संबंधित विभिन्न भ्रांतियों को दूर करने तथा मासिक धर्म के दौरान बरती जाने वाली विभिन्न सावधानियों के प्रति किशोरियों एवं महिलाओं को जागरुक करने के लिए महिला एवं...
article-image
पंजाब , हिमाचल प्रदेश

बूथ स्तर पर लोगों की समस्याएं सुन मौके पर ही कर रहे निपटारा : विधायक डॉ. जनक राज पहुंचे पांगी दौरे पर, किलाड़ में भव्य स्वागत

एएम नाथ। पांगी (चम्बा) : भरमौर-पांगी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. जनक राज इन दिनों पांगी घाटी के दौरे पर हैं। क्षेत्र में पहुंचते ही किलाड़ मुख्यालय पर भाजपा पांगी मंडल द्वारा उनका भव्य...
article-image
हिमाचल प्रदेश

हिमाचल के मुद्दों पर चर्चा के लिए विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने पर करेंगे विचार – कुलदीप पठानिया

एएम नाथ। शिमला :  मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष से अनुरोध करेंगे कि राज्य के मुद्दों पर चर्चा के लिए एक विशेष सत्र बुलाया जाए। यह सत्र कैमरा प्रोसिडिंग में हो सकता है।  विधानसभा के...
Translate »
error: Content is protected !!