विकास लक्ष्यों को समयबद्ध पूरा करें अधिकारी : कुलदीप सिंह पठानिया
पीएमजीएसवाई-4 के तहत चंबा में बनेंगी 65 सड़कें, 551 करोड़ रुपये होंगे खर्च
एएम नाथ। चंबा : जिला मुख्यालय चंबा में जिला योजना, विकास एवं 20 सूत्री कार्यक्रम के तहत विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष एवं जिला योजना, विकास तथा 20 सूत्री कार्यक्रम समिति के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने की। इस दौरान उन्होंने सीएसआर के तहत 6.46 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 34 स्कूल भवनों का डिजिटल लोकार्पण किया। इनमें 18 राजकीय प्राथमिक और 16 राजकीय उच्च पाठशालाएं शामिल हैं।
बैठक में मनरेगा, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, स्वच्छ भारत अभियान, टीबी नियंत्रण, मिड डे मील, एकीकृत बाल विकास परियोजना, ग्रामीण विद्युतीकरण, लघु सिंचाई, स्वच्छ पेयजल, खाद्य सुरक्षा तथा पर्यावरण संरक्षण सहित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
पठानिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपसी समन्वय से कार्य करते हुए विकास योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध पूरा करें, ताकि आम जनता को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने उन विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा, जिनका थोड़ा ही कार्य शेष है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों की ओर से प्रस्तुत प्रगति रिपोर्ट पर संतोष भी जताया।
लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता जीत सिंह ठाकुर ने बताया कि पीएमजीएसवाई-4 के तहत जिले में 327 किलोमीटर लंबाई की 65 सड़कों का निर्माण किया जा रहा है। इन पर 551.22 करोड़ रुपये खर्च होंगे और 76 गांवों को सड़क सुविधा मिलेगी। जल शक्ति विभाग के अधीक्षण अभियंता राजेश मोगरा ने बताया कि विभाग के 490 करोड़ रुपये के विकास कार्य पूरे हो चुके हैं, जबकि 740 करोड़ रुपये के कार्य प्रगति पर हैं। वहीं, 1294 करोड़ रुपये की प्रस्तावित परियोजनाएं स्वीकृति प्रक्रिया में हैं।
जिला विकास अधिकारी तविंदर सिंह ने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में मनरेगा के तहत 57.58 लाख कार्य दिवस सृजित किए गए, जो निर्धारित लक्ष्य का 129 प्रतिशत है। इस पर 186.85 करोड़ रुपये खर्च हुए। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 1477 आवासों का लक्ष्य भी शत-प्रतिशत हासिल किया गया।
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने बैठक में दिए गए निर्देशों की पूर्ण अनुपालना का आश्वासन दिया। बैठक में विधायक नीरज नैयर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और गैर सरकारी सदस्य उपस्थित रहे।
