ट्यूशन के लिए निकला 16 वर्षीय अभिलाष, अगले दिन बदहवास मिला; टांडा में उपचार के दौरान मौत

by

दो अज्ञात लोगों द्वारा ट्राले में ले जाने और कुछ पिलाने की बात कही थी छात्र ने; पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण

जयसिंहपुर। सोल वनेहड़ पंचायत के 16 वर्षीय छात्र अभिलाष पुत्र संजय चौधरी की रविवार सुबह टांडा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। अभिलाष 27 अगस्त की शाम घर से ट्यूशन के लिए निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। अगले दिन वह घर से करीब 200 से 250 मीटर दूर पलाहनिया मोड़ के पास बदहवास हालत में मिला था। उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है।

परिजनों के अनुसार अभिलाष जमा दो कक्षा में पढ़ता था। 27 अगस्त को शाम करीब चार बजे वह सोल वनेहड़ स्थित अपने घर से अपर लंबागांव में ट्यूशन के लिए निकला था। जब वह ट्यूशन सेंटर नहीं पहुंचा और देर शाम तक घर वापस भी नहीं आया तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी प्रयासों के बाद भी उसका पता नहीं चला, जिसके बाद लंबागांव थाना में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई।

अगले दिन सड़क किनारे बदहवास मिला

28 अगस्त को अपर लंबागांव के एक युवक ने अभिलाष को पलाहनिया मोड़ के पास सड़क किनारे देखा। बताया जा रहा है कि युवक ने सोशल मीडिया पर अभिलाष की गुमशुदगी की सूचना देखी थी। पहचान होने के बाद उसने पड़ोसी को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद परिजनों को छात्र के वहां होने का पता चला।

मौके पर पहुंचे परिजनों ने अभिलाष को बेहद खराब हालत में पाया। उसके पैरों में चप्पल नहीं थी और वह ठीक से चलने तथा बोलने की स्थिति में नहीं था। परिजन उसे उपचार के लिए जयसिंहपुर अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे टांडा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया।

पुलिस को दिए बयान में दो अज्ञात लोगों का जिक्र

उपचार के दौरान अभिलाष ने पुलिस को दिए बयान में कथित तौर पर बताया था कि दो अज्ञात लोग उसे एक ट्राले में ले गए थे। छात्र के अनुसार, दोनों लोगों ने उसे कुछ पिलाया और बाद में छोड़ दिया। उसने पुलिस को बताया था कि वह दोनों व्यक्तियों को पहचानता नहीं है।

परिजनों के अनुसार, उपचार के दौरान अभिलाष के लीवर और दोनों किडनियों पर गंभीर असर पड़ा। रविवार सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

छात्र की मौत के पीछे वास्तविक कारण क्या रहा, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि छात्र ने कौन सा पदार्थ लिया था और उसके स्वास्थ्य पर उसका क्या प्रभाव पड़ा। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होने की उम्मीद है।

डीएसपी बैजनाथ संदीप शर्मा ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच के लिए पुलिस टीमें गठित की जाएंगी। छात्र के साथ क्या हुआ और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाने के लिए सभी तथ्यों की जांच की जा रही है।

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
हिमाचल प्रदेश

नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्यों को दिलाई पद एवं गोपनीयता की शपथ ….जनहित और समावेशी विकास को प्राथमिकता दें सभी नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्य : DC किरण भड़ाना

एएम नाथ।  केलांग :  उपायुक्त लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना ने आज उपायुक्त कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में आयोजित एक गरिमामय समारोह में नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर...
article-image
हिमाचल प्रदेश

उप तहसील कृष्णगढ़ में धूमधाम से मनाया गणतंत्र दिवस : नायब तहसीलदार ने फहराया तिरंगा

कुठाड, 26 जनवरी (तारा) : कृष्णगढ़ उप तहसील परिसर में गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर नायब तहसीलदार सूरत सिंह ने फहराया तिरंगा व पुलिस होमगार्ड परेड की सलामी ली। उन्होंने...
article-image
हिमाचल प्रदेश

गुड टच-बैड टच समेत बाल सुरक्षा को लेकर 144 विद्यार्थियों को किया जागरूक : चाइल्ड हेल्पलाइन चंबा ने तीसा स्कूल में बाल अधिकारों और नशे के खिलाफ किया जागरूक

सोशल मीडिया ब्लैकमेलिंग से सतर्क रहें बच्चे, 1098 पर दें सूचना एएम नाथ। तीसा : चाइल्ड हेल्पलाइन चंबा की ओर से सोमवार को चुराह उपमंडल के जेआरटी चुराह पब्लिक हाई स्कूल तीसा में बच्चों,...
article-image
हिमाचल प्रदेश

16 बच्चों को शैक्षिक और मनोरंजक दौरे पर मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना के अंतर्गत भेजा : मंत्री राजेश धर्माणी ने इन बच्चों के समूह को भगेड से हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

रोहित जसवाल।   बिलासपुर : हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना के अंतर्गत आज जिला बिलासपुर में 16 बच्चों को शैक्षिक और मनोरंजक दौरे पर भेजा गया। तकनीकी शिक्षा, नगर नियोजन, आवास, व्यावसायिक...
Translate »
error: Content is protected !!