लुधियाना। पंजाब के लुधियाना जिले में घरेलू हिंसा का मामला सामने आया है, जहां थार एसयूवी और महंगी स्पोर्ट्स बाइक की मांग को लेकर पति पर अपनी पत्नी से मारपीट करने के आरोप लगे हैं। आरोप है कि पति ने महिला को सड़क पर थप्पड़ मारे, बालों से पकड़कर नीचे गिराया और लातें मारीं। घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़िता की शिकायत और उपलब्ध फुटेज के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता की पहचान 28 वर्षीय ट्विंकल के रूप में हुई है, जो समराला चौक के पास अपना सैलून चलाती हैं। शिकायत के अनुसार, उनकी पिछली शादी से सात साल का एक बेटा है। पहले तलाक के मामले की सुनवाई के दौरान उनकी मुलाकात चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े रितिश शर्मा से हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती हुई और नवंबर 2025 में उन्होंने शादी कर ली। इसके बाद दोनों जस्सियां ग्रीन एन्क्लेव में रहने लगे।
थार और महंगी बाइक की मांग को लेकर विवाद
पीड़िता ने आरोप लगाया कि शादी के करीब तीन महीने बाद पति ने उसे दहेज के लिए परेशान करना शुरू कर दिया। वह कथित तौर पर ताना देता था कि जब पत्नी उससे ज्यादा कमाती है, तो उसके लिए थार एसयूवी क्यों नहीं खरीद सकती। शिकायत के मुताबिक, इस मांग को लेकर पहले भी विवाद हुआ था, जिसे मध्यस्थों की मदद से सुलझा लिया गया था। बाद में पति ने कथित तौर पर महंगी स्पोर्ट्स बाइक की मांग शुरू कर दी।
घर से बाहर निकली पत्नी को सड़क पर पीटने का आरोप
शिकायत के अनुसार, घटना वाले दिन बाइक की मांग को लेकर दोनों के बीच फिर विवाद हुआ। इसके बाद ट्विंकल पड़ोसियों के घर की ओर भागीं, लेकिन आरोप है कि पति ने उनका पीछा किया और सड़क पर उनके साथ मारपीट की।
बताया गया है कि सीसीटीवी फुटेज में आरोपी महिला को थप्पड़ मारते, बाल पकड़कर सड़क पर गिराते और लातें मारते दिखाई देता है। महिला की चीखें सुनकर आसपास के लोग बाहर आए और बीच-बचाव कर उसे छुड़ाया। पुलिस मामले में फुटेज की जांच कर रही है।
शिकायत के बाद पुलिस कार्रवाई की तैयारी में
घटना के बाद ट्विंकल ने जगतपुरी पुलिस चौकी में लिखित शिकायत दी और सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंपने की बात कही गई है। हैबोवाल थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जसवीर सिंह के अनुसार, पुलिस मेडिकल-लीगल रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल मामले की जांच जारी है। पति पर लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर होगी।
