रोहित जसवाल। ऊना, 8 अक्तूबर: सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सौजन्य से जिला कल्याण अधिकारी ऊना की ओर से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हरोली में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत जागरूकता रैली एवं खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम में स्कूल की 9वीं से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
जिला कल्याण अधिकारी ऊना आवास पंडित ने बताया कि जागरूकता रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, स्कूल और समाज में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने का संकल्प भी लिया।
उन्होंने कहा कि रैली का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें खेलकूद और अन्य सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना है, ताकि वे स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित हों।
इस अवसर पर तहसील कल्याण अधिकारी ऊना जितेंद्र शर्मा, विद्यालय के प्रधानाचार्य सहित स्कूल स्टाफ और विद्यार्थी मौजूद रहे।
