नालदेहरा में ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम आयोजित, पंचायती राज मंत्री ने की अध्यक्षता

by
एएम नाथ। कसुम्पटी : हिमाचल प्रदेश सरकार का महत्वाकांक्षी कार्यक्रम ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम आज कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत नालदेहरा के प्रांगण में आयोजित किया गया, जिसकी अध्यक्षता ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने की।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देशानुसार ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम प्रदेश के सभी जिलों और सभी विधानसभा क्षेत्रों में चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के तहत पंचायत स्तर पर जाकर आम जनमानस की समस्याएं सुनी जा रही हैं और मौके पर ही उनके समाधान के निर्देश दे दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री ने निर्णय लिया था कि शासन को जनता के द्वार तक ले जाया जाएगा ताकि दूरदराज क्षेत्र के लोगों की समस्याओं का समाधान घर द्वार पर ही सुनिश्चित किया जा सके।
विशेष राजस्व अभियान के तहत प्रदेश में निपटाए 5.10 लाख मामले
अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि भूमि विवादों के कारण वर्षों तक मामले अदालतों में चलते रहते हैं और कई बार अपराधिक प्रकरण भी उत्पन्न हो जाते हैं। सरकार का उद्देश्य इन मामलों को प्रशासनिक स्तर पर समयबद्ध ढंग से सुलझाना है। उन्होंने कहा कि अक्टूबर 2023 में शुरू किए गए विशेष राजस्व अभियान के तहत दिसंबर 2025 तक प्रदेश में 5 लाख 10 हजार से अधिक राजस्व मामलों का निपटारा किया गया है।
कैबिनेट मंत्री ने 1.50 करोड़ से बनने वाली दो सड़कों का किया शिलान्यास
इससे पहले कैबिनेट मंत्री ने लगभग 1.50 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित होने वाली दो सड़कों नालदेहरा से बनरेडी (ओडू) संपर्क सड़क तथा कोगी से डगोग संपर्क सड़क का शिलान्यास भी किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पंचायत क्षेत्रों को आपस में जोड़ने के लिए लोगों के मांग पर इन दोनों सड़कों का निर्माण किया जा रहा है और इस दिशा में सभी औपचारिकताएं पूर्ण कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि लगभग 01 करोड़ रुपए बनरेडी (ओडू) संपर्क सड़क पर खर्च किए जा रहे हैं जबकि 50 लाख रुपए की राशि कोगी से डगोग संपर्क सड़क पर खर्च की जाएगी, जिसके लिए प्रथम किश्त के रूप में 25 लाख रुपए की राशि स्वीकृत कर दी गई है। उन्होंने कहा कि इन दोनों सड़कों का निर्माण निर्धारित समय अवधि के भीतर पूर्ण कर लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र में लगभग 200 करोड़ रुपए की राशि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पेयजल तथा ग्रामीण विकास की योजनाओं पर खर्च की जा रही है। उन्होंने कहा कि लगभग 230 छोटी बड़ी सड़कों के निर्माण कार्य के लिए प्रक्रिया जारी है, जिसमें से 100 से अधिक सड़कों की औपचारिकताएं पूर्ण कर कुछ सड़कों का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है और कुछ सड़कों के निर्माण कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि मोहनपुर से नेरी तक सड़क का निर्माण भी हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि नालदेहरा पंचायत सहित इस क्षेत्र की अन्य पंचायतों की कम वोल्टेज की समस्या को खत्म करने के लिए 6 ट्रांसफार्मरों को अपग्रेड करके 63 केवी के ट्रांसफार्मर 31 मार्च से पहले स्थापित किए जा रहे है।
स्थानीय नालदेहरा ग्राम पंचायत की प्रधान सुषमा कश्यप ने मंत्री का स्वागत करते हुए पंचायत क्षेत्र में करवाए गए विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी देते हुए क्षेत्र की समस्याओं से अवगत करवाया।
अनिरुद्ध सिंह ने सैंव गांव में खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का किया शुभारंभ
इसके उपरांत ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने सैंव गांव में नेहरू युवा केंद्र शिमला के सहयोग से आदर्श युवक मंडल सैंव द्वारा आयोजित खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर उन्होंने युवक मंडल के सदस्यों को कलस्टर लेवल की खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित करवाने के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवा देश का भविष्य है युवाओं को संगठित होकर खेलकूद प्रतियोगिताएं करवाना एक चुनौती भरा कार्य होता है। उन्होंने युवाओं से आवाहन किया कि वह नशे से दूर रहते हुए शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद व सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़ कर भाग ले ताकि वह अपने आप को फिट व ऊर्जावान रख सके।
खेल विभाग के सहयोग से ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग कर रहा खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन
उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग द्वारा युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के सहयोग से प्रदेश भर में खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है, जिसका शेड्यूल आगामी एक महीने के भीतर प्रकाशित कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह खेलकूद प्रतियोगिता खंड स्तर से शुरू होकर प्रदेश स्तर तक करवाई जाएगी और इस खेल कूद प्रतियोगिता में विजेता रही टीम को सरकार द्वारा 21 लाख रुपए की राशि से सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सैंव में बने नए खेल मैदान पर ग्रामीणों के सहयोग से ढाई लाख रुपए की राशि व्यय की गई है, जिसका और विस्तार किया जाएगा। उन्होंने ग्राउंड की फेंसिंग का आश्वासन भी दिया तथा युवक मंडल को खेलकूद प्रतियोगिता के सफल आयोजन एवं स्पोर्ट्स किट खरीदने के लिए 50 हजार रुपए देने की घोषणा भी की।
उन्होंने कहा कि सैंव से दायला संपर्क सड़क का निर्माण भी किया जाएगा, जिसके लिए उन्होंने ग्रामीणों से शीघ्र गिफ्ट डीड देने का आग्रह किया ताकि दायला को भी सड़क सुविधा से जोड़ा जा सके।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री रूपदास कश्यप ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र के विकास को निरंतर आगे बढ़ाने के लिए कैबिनेट मंत्री का आभार व्यक्त किया।
आदर्श युवक मंडल के अध्यक्ष, सुमित ठाकुर ने कैबिनेट मंत्री का स्वागत करते हुए जानकारी दी कि इस खेलकूद प्रतियोगिता में वॉलीबॉल, बैडमिंटन, 100 मीटर रेस, लड़कियों व महिलाओं के लिए रस्साकशी प्रतियोगिता तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया है।
यह भी रहे उपस्थित
इस अवसर पर अध्यक्षा पंचायत समिति मशोबरा चंद्रकांता वर्मा, उपाध्यक्ष वीरेंद्र ठाकुर, नगर निगम शिमला के पार्षद नरेंद्र ठाकुर एवं विशाखा मोदी, बीडीसी सदस्य कमल गर्ग, पूर्व अध्यक्ष मंडल कांग्रेस रामकिशन शांडिल, एपीएमसी निदेशक मंडल के सदस्य भूपेंद्र कंवर, डीएफओ वन अनिकेत, खंड विकास अधिकारी मशोबरा अंकित कोटिया, बीएमओ, आरओ, पूर्व प्रधान ओम प्रकाश ठाकुर, मंत्री के ओएसडी सोनू पंडित, ढली पंचायत प्रधान रमा कश्यप, आदर्श युवक मंडल के अध्यक्ष सुमित ठाकुर, महासचिव रोहित कश्यप, उप प्रधान योगेश ठाकुर, कार्यकारिणी सदस्य गगन व उनकी टीम, विभिन्न पंचायतों के प्रधान एवं उप-प्रधान व अन्य पंचायत प्रतिनिधियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण क्षेत्रों के लोग व खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
हिमाचल प्रदेश

बिना किताबों के ही सीबीएसई स्कूलों में कैसे पढ़ेंगे बच्चे : जयराम ठाकुर

किताब न दे पाने का तर्क भी बचकाना, हर तरफ अफरातरफी का माहौल एएम नाथ। शिमला : पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर ने कहा कि सरकार द्वारा 2 साल से प्रदेश...
article-image
हिमाचल प्रदेश

अमित भरमौरी बने कांग्रेस के महासचिव, जताया आभार

शीर्ष नेतृत्व से भेंट कर लिया आशीर्वाद, संगठन मजबूती का संकल्प बोले, जनसेवा और प्रदेश विकास मेरी प्राथमिकता एएम नाथ। चम्बा : हिमाचल प्रदेश की राजनीति में एक अहम घटनाक्रम के तहत अमित भरमौरी...
article-image
दिल्ली , पंजाब , राष्ट्रीय , हरियाणा , हिमाचल प्रदेश

आठ मिनट तक कार से सुनाई दी चीखें-फिर सब शांत : हादसे ने छीन लिए भविष्य के चार इंजीनियर

उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में चकेरी-भौंती एलिवेटेड रोड पर सोमवार को भीषण सड़क हादसा हुआ। आगे चल रहे डंपर के अचानक ब्रेक लगाने पर ऑल्टो कार उसमें जा घुसी, इसके बाद पीछे आ...
article-image
हिमाचल प्रदेश

बिजली बोर्ड कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के घरों में स्मार्ट मीटर लगाने के निर्देश

एएम नाथ । शिमला, 24 फ़रवरी :  हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड (एचपीएसईबीएल) ने अपने कार्यरत और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के घरों में स्मार्ट मीटर लगाने और बदलने का काम प्राथमिकता के आधार पर...
Translate »
error: Content is protected !!