युवा नेतृत्व के हाथों में पेखड़ी पंचायत की बागडोर, महिला प्रधान मनीषा डिम्पल ने संभाला कार्यभार

by

नव निर्वाचित पंचों की शपथ ग्रहण के साथ शुरू हुआ पंचायत का नया कार्यकाल।

सामान्य बैठक में विकास का एजेंडा तय और चौकीदार नियुक्ति की उठी मांग, 20 जुलाई को होगी पहली ग्राम सभा।

तीर्थन घाटी गुशैनी, बंजार (परस राम भारती) :  उपमंडल बंजार की तीर्थन घाटी स्थित ग्राम पंचायत पेखड़ी में शनिवार को नवनिर्वाचित प्रधान, उपप्रधान एवं वार्ड सदस्यों ने विधिवत शपथ ग्रहण के पश्चात अपने दायित्व संभाल लिए। शपथ ग्रहण के साथ ही पंचायत की नई कार्यकारिणी का आधिकारिक कार्यकाल शुरू हो गया। अब पंचायत की आधिकारिक मोहर, विकास कार्यों से जुड़े निर्णय तथा प्रशासनिक जिम्मेदारियों का संचालन नवगठित पंचायत करेगी।

ग्राम पंचायत पेखड़ी की नवनिर्वाचित प्रधान मनीषा डिंपल ने आधिकारिक रूप से कार्यभार संभालते हुए पंचायत के समग्र विकास के लिए सभी जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के सहयोग से कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर प्रशासन द्वारा अधिकृत अधिकारी तकनीकी सहायक भेद राम भारती की उपस्थिति में ग्राम पंचायत पेखड़ी के सामुदायिक भवन में आयोजित समारोह के दौरान सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।

इस बार पेखड़ी पंचायत के मतदाताओं ने एक युवा एवं शिक्षित महिला मनीषा डिंपल को प्रधान चुना है, जबकि भारतीय रेलवे सेवा से सेवानिवृत्त और अनुभवी नील चन्द को उपप्रधान का दायित्व सौंपा है। पंचायत के अन्य निर्वाचित सदस्यों में वार्ड नंबर-1 शुंगचा से निशा देवी, वार्ड नंबर-2 शलिंगा से लाल सिंह, वार्ड नंबर-3 नाहीं से लता देवी, वार्ड नंबर-4 से विनता देवी तथा वार्ड नंबर-5 मनहार से केशव ठाकुर शामिल हैं।

शपथ ग्रहण समारोह के बाद पंचायत की पहली साधारण बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी विकास कार्यों, पंचायत की कार्ययोजना तथा जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में सभी प्रतिनिधियों ने गांव के समग्र विकास, पारदर्शी कार्यप्रणाली और जनसहभागिता के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।

बैठक के दौरान नवनिर्वाचित प्रधान, उपप्रधान एवं सभी वार्ड सदस्यों ने सर्वसम्मति से पंचायत में चौकीदार अथवा सहायक कर्मचारी की नियुक्ति की मांग उठाई। उनका कहना था कि कर्मचारी के अभाव में पंचायत कार्यालय की सुरक्षा, साफ-सफाई, अभिलेखों के रखरखाव, सरकारी पत्राचार तथा अन्य प्रशासनिक कार्यों के संचालन में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में पंचायत समिति बंजार के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को ज्ञापन भेजकर शीघ्र उचित व्यवस्था करने की मांग की गई।

प्रधान मनीषा डिंपल ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता पंचायत क्षेत्र का संतुलित विकास, ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान तथा सभी वार्डों तक समान रूप से विकास कार्य पहुंचाना होगा। उन्होंने कहा कि पंचायत का विकास सभी जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के सहयोग एवं सहभागिता से ही संभव है। इन्होंने पेखड़ी पंचायत के लोगों से आग्रह किया है कि 20 जुलाई को होने वाली पहली ग्राम सभा की बैठक में बढ़ चढ़ कर हिस्सा ले।

शपथ ग्रहण समारोह में पंचायत प्रतिनिधियों के अलावा स्थानीय ग्रामीण, जल शक्ति विभाग के कर्मचारी और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। सभी ने नई पंचायत से क्षेत्र के विकास और जनहित के कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई।

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
हिमाचल प्रदेश

हमीरपुर के 1,10,309 बच्चों एवं नवयुवाओं को दी जाएगी कृमिनाशक दवा : DC गंधर्वा राठौड़

इसी माह के आखिरी सप्ताह में सभी स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्रों को किया जाएगा कवर एएम नाथ। हमीरपुर 09 फरवरी। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत इस माह के आखिरी हफ्ते में जिला हमीरपुर...
article-image
हिमाचल प्रदेश

शोक संतप्त परिवारों से मिले विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया

कुल्लू और मनाली में पहुंचकर जताई गहरी संवेदना दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए की प्रार्थना एएम नाथ। कुल्लू.:  हिमाचल प्रदेश विधानसभा के माननीय अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने हाल ही में कुल्लू और...
article-image
हिमाचल प्रदेश

समर्थ – 2025 अभियान के तहत जिला चंबा में आपदा जोखिम न्यूनीकरण के लिए जन जागरूकता अभियान शुरू

आज 2 अक्टूबर को ग्राम सभाओं की बैठक में पंचायतों की आपदा संबंधी भूमिकाओं पर होगी चर्चा : उपायुक्त मुकेश रेपसवाल एएम नाथ। चम्बा : हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एचपीएसडीएमए) के निर्देशानुसार...
article-image
समाचार , हिमाचल प्रदेश

मुख्यमंत्री सुक्खू ने जाखू में किया रावण दहन : श्री हनुमान मंदिर जाखू में पूजा-अर्चना की और प्रदेश की समृद्धि के लिए की प्रार्थना

जाखू : मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज दशहरे के शुभ अवसर पर श्री हनुमान मंदिर जाखू में पूजा-अर्चना की और प्रदेश की समृद्धि के लिए प्रार्थना की। मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कमलेश ठाकुर भी...
Translate »
error: Content is protected !!