एएम नाथ। रामपुर/शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को शिमला जिले के रामपुर विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान 232.93 करोड़ रुपए की लागत वाली 28 विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और भूमि पूजन किए। कार्यक्रम रामपुर के शिंगला हेलीपैड में आयोजित किया गया।
मुख्यमंत्री ने भड़ावली पंचायत के गांवों के समूह के लिए 4.83 करोड़ रुपए की उठाऊ पेयजल योजना, डकोलड़ वार्ड नंबर-8 में 8.36 करोड़ रुपए की सीवरेज प्रणाली, देवनगर पंचायत में प्लानू से शलून तक 2.56 करोड़ रुपए की प्रवाह सिंचाई योजना का उद्घाटन किया।
इसके अलावा खानरी वार्ड में MGMSSC अस्पताल खनैरी को मौजूदा सीवरेज योजना से जोड़ने के लिए 71 लाख रुपए की सीवरेज कनेक्टिविटी, देलठ में 2.56 करोड़ रुपए के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन और गानवी खड्ड पर 1.84 करोड़ रुपए की लागत से बने बैली ब्रिज का भी लोकार्पण किया।
सड़कों के उन्नयन पर बड़ा फोकस
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में विभिन्न सड़कों के निर्माण और उन्नयन कार्यों का भी भूमि पूजन किया। इनमें टिक्कर-जरोल-गाहन-ननखड़ी-खमाड़ी सड़क के 35.93 करोड़ और 54.87 करोड़ रुपए के कार्य, अस्पताल कॉलोनी से सरलाप्रोग सड़क के लिए 2.50 करोड़ रुपए तथा कोटला-कुन्नी सड़क के लिए 4.19 करोड़ रुपए की परियोजना शामिल है।
इसके साथ राजपुरा-दरशाल, उरू-धार, सवान-दोई, सेरी पुल-अणुराक्षी, पलजारा-गिन्छा-पेई, कूट-किन्फी, पटैना-कैंची-दारन घाटी, मंगलाड़ पुल-रूनपू, मोलगी संपर्क सड़क, रुंगचा-धारला और दलोग-चाश्नी-मड़ोग सहित कई सड़कों के निर्माण एवं उन्नयन कार्यों का भी भूमि पूजन किया गया।
इन परियोजनाओं में ढाई-बरकेली, चड़ी-ढरण, चकटी-थैली, चेबड़ी-नगालनी, लाहरू-खरेला, एरली-मझेवटी तथा लबाना-सदाना, भगावत-धोआ और फांचा-फांचा कंडा सड़क कार्य भी शामिल हैं।
पेयजल, स्वास्थ्य और संपर्क सुविधाओं पर जोर
परियोजनाओं में पेयजल और सिंचाई के साथ सीवरेज तथा स्वास्थ्य सुविधाओं को भी शामिल किया गया है। सड़क परियोजनाओं के पूरा होने से रामपुर क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में आवागमन और संपर्क सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है।
