वारदात के बाद पुलिसकर्मी ने खुद को भी गोली मारकर की आत्महत्या, पारिवारिक विवाद की आशंका; पुलिस जांच में जुटी
मानसा। पंजाब के मानसा में मंगलवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई। झूझार नगर में मानसा खुर्द रोड पर अपने निर्माणाधीन मकान में पंजाब पुलिस के एक हेड कांस्टेबल ने अपने ही परिवार पर सरकारी हथियार से गोलियां चला दीं। गोली लगने से उसके एक बेटे की मौत हो गई, जबकि पत्नी और दूसरा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद हेड कांस्टेबल ने खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
मृतक हेड कांस्टेबल की पहचान गुरविंदर सिंह के रूप में हुई है, जो मानसा के डिप्टी कमिश्नर के गनमैन के तौर पर तैनात था। वह सोमवार शाम को अपनी पत्नी हरप्रीत कौर और दो बेटों जोत सिंह तथा दिलशान सिंह के साथ नए मकान में रहने आया था। मंगलवार सुबह उसने कथित तौर पर अपने सरकारी हथियार से परिवार के सदस्यों पर गोलियां चला दीं। इस दौरान बेटे जोत सिंह की मौत हो गई, जबकि पत्नी और दूसरा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए बठिंडा के अस्पताल में रेफर किया गया है।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही मानसा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वैभव चौधरी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है, हालांकि घटना के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
एसएसपी के अनुसार घटनास्थल से सरकारी हथियार कब्जे में ले लिया गया है। फॉरेंसिक टीम मौके से साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच के बाद ही घटना के पीछे की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।
