प्रशासन ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और कर्मचारियों को किया सतर्क; अगली सूचना तक फीस, छात्रवृत्ति और परीक्षा फॉर्म जमा न करने की सलाह
रोहित जसवाल I अंब । हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के अंब स्थित महाराणा प्रताप राजकीय महाविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर साइबर हमला होने का मामला सामने आया है। अज्ञात लोगों ने वेबसाइट पर कथित तौर पर गलत सामग्री और संदिग्ध लिंक जोड़ दिए हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए कॉलेज प्रशासन ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और कर्मचारियों के लिए चेतावनी जारी कर उन्हें सतर्क रहने की अपील की है।
कॉलेज प्रशासन के अनुसार, वेबसाइट की सुरक्षा बहाल करने के लिए तकनीकी टीम काम कर रही है। स्थिति सामान्य होने और अगली आधिकारिक सूचना जारी होने तक वेबसाइट का इस्तेमाल न करने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने विशेष रूप से विद्यार्थियों को वेबसाइट के माध्यम से शुल्क भुगतान करने, छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने और परीक्षा फॉर्म जमा करने से बचने को कहा है।
संदिग्ध लिंक से रहें दूर
कॉलेज प्रशासन ने चेताया है कि वेबसाइट पर दिखाई देने वाले किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और न ही अपनी निजी जानकारी किसी के साथ साझा करें। विद्यार्थियों और अन्य उपयोगकर्ताओं को बैंक खाते से संबंधित विवरण, लॉगिन आईडी तथा पासवर्ड साझा नहीं करने की हिदायत दी गई है, ताकि संभावित साइबर धोखाधड़ी से बचा जा सके।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि वेबसाइट का उपयोग करने के कारण होने वाले नुकसान की जिम्मेदारी कॉलेज नहीं लेगा। इसलिए वेबसाइट के सुरक्षित होने संबंधी अगली सूचना मिलने तक सभी उपयोगकर्ताओं को सावधानी बरतने की अपील की गई है।
सहायता के लिए संपर्क करें
वेबसाइट से संबंधित जानकारी या सहायता के लिए कॉलेज प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर 01976-260032 और ईमेल govtcollegeamb@gmail.com जारी किया है। विद्यार्थियों और अभिभावकों को किसी भी तरह की परेशानी या संदेह होने पर इन माध्यमों से कॉलेज से संपर्क करने की सलाह दी गई है।
