आग से बेघर हुआ परिवार, पुलिस-फायर ब्रिगेड और ग्रामीणों ने मिलकर पाया आग पर काबू; विधायक डॉ. जनक राज ने प्रशासन को मदद के निर्देश दिए
एएम नाथ। चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के पांगी उपमंडल के सेरी गांव में आग लगने से देवी सिंह का मकान पूरी तरह जलकर राख हो गया। इस घटना में करीब 20 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। घर जल जाने के कारण प्रभावित परिवार के सामने रहने और घरेलू सामान की व्यवस्था करने का संकट खड़ा हो गया है।
जानकारी के अनुसार, देवी सिंह के मकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। ग्रामीणों ने भी राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया और आग बुझाने का प्रयास किया। पुलिस, फायर ब्रिगेड और ग्रामीणों की संयुक्त कोशिशों से आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक मकान पूरी तरह जल चुका था।
विधायक ने प्रशासन से मांगी प्रभावित परिवार को राहत
भरमौर-पांगी के विधायक डॉ. जनक राज ने प्रशासन को प्रभावित परिवार की हरसंभव सहायता करने के निर्देश दिए हैं। मकान के जलने से परिवार को हुए नुकसान के मद्देनजर प्रशासनिक सहायता की जरूरत महसूस की जा रही है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। संबंधित विभागों की ओर से नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रभावित परिवार को अब प्रशासन की ओर से राहत और सहायता मिलने का इंतजार है।
