कटिंडी के पास सवा चार बजे हुआ हादसा, दमकल कर्मियों ने आग पर पाया काबू
एएम नाथ। मंडी। आईआईटी कमांद से मंडी शहर की ओर आ रही एक टैक्सी में बुधवार को अचानक आग लग गई। टैक्सी में चालक सहित सवार छह प्रशिक्षुओं ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। आग इतनी तेजी से फैली कि दमकल विभाग के पहुंचने तक टैक्सी पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी।
जानकारी के अनुसार, मंडी शहर की पैलेस कॉलोनी निवासी अंकित की टैक्सी उसका भाई राहुल चला रहा था। बताया जा रहा है कि इस टैक्सी को आईआईटी प्रबंधन ने हायर किया था। बुधवार को जब राहुल छह प्रशिक्षुओं को लेकर मंडी की ओर आ रहा था, तभी शाम करीब सवा चार बजे कटिंडी से लगभग एक किलोमीटर दूर टैक्सी में अचानक आग लग गई।
टैक्सी में आग लगते ही चालक और सभी प्रशिक्षु बाहर निकल आए। घटना की सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग का वाहन मौके पर पहुंचा। दमकल कर्मियों ने पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक टैक्सी पूरी तरह जल चुकी थी।
अग्निशमन केंद्र मंडी के फायरमैन प्रदीप कुमार ने बताया कि आग लगने से टैक्सी पूरी तरह जलकर राख हो गई। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
