काठगढ़। हलका बलाचौर में आम आदमी पार्टी को उस समय राजनीतिक मजबूती मिली, जब गांव आसरो के मौजूदा सरपंच बलविंदर सिंह सहित पूरी ग्राम पंचायत के सदस्यों और कई परिवारों ने अन्य पारंपरिक राजनीतिक दलों को छोड़कर आप की सदस्यता ग्रहण कर ली। विधायक संतोष कटारिया के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सभी नए सदस्यों का पार्टी में स्वागत किया गया।
इस अवसर पर विधायक ने पार्टी में शामिल होने वाले नेताओं और ग्रामीणों को पार्टी का चुनाव चिह्न भेंट करने के साथ सिरोपा देकर सम्मानित किया।
सरपंच और पंचायत सदस्यों ने थामा आप का दामन
आम आदमी पार्टी में शामिल होने वालों में सरपंच बलविंदर सिंह, पंच पूनम रानी, बलवीर कौर, पूजा रानी, रविंदर सिंह और बृजेश कुमार प्रमुख रूप से शामिल रहे। इनके अलावा जसवीर कौर, नीलम रानी, रणजीत बंसल, बलवीर सिंह, राम किशन, जसप्रीत कौर, मोहन सिंह, सुखपाल सिंह, जगतार सिंह, तरसेम सिंह, मनोज कुमार और भजन सिंह सहित कई अन्य परिवारों ने भी पार्टी की सदस्यता ली।
विकास कार्यों और सरकारी नीतियों से प्रभावित होकर लिया फैसला
पार्टी में शामिल हुए सरपंच और ग्रामीणों ने कहा कि वे पंजाब सरकार की जनहितैषी नीतियों और हलका बलाचौर में करवाए जा रहे विकास कार्यों से प्रभावित होकर आम आदमी पार्टी के साथ जुड़े हैं।
विधायक संतोष कटारिया ने कहा कि आम आदमी पार्टी में प्रत्येक मेहनती कार्यकर्ता को पूरा मान-सम्मान दिया जाता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि गांव आसरो के विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाया जाएगा और ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
सरपंच बलविंदर सिंह और अन्य ग्रामीणों ने विधायक का आभार जताते हुए गांव और क्षेत्र की बेहतरी के लिए मिलकर काम करने तथा पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में पार्टी के स्थानीय पदाधिकारी, वालंटियर और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
