अमृतसर। पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस इकाई ने सीमा पार से संचालित हेरोइन तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए एक नाबालिग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 17.5 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पाकिस्तान से हेरोइन की खेप मंगवाकर पंजाब में आगे सप्लाई करते थे।
अजनाला सेक्टर के रास्ते पहुंचती थी हेरोइन की खेप
पंजाब पुलिस के महानिदेशक गौरव यादव ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच के अनुसार आरोपी भारत-पाकिस्तान सीमा पर अजनाला सेक्टर के रास्ते पाकिस्तान से हेरोइन की खेप प्राप्त करते थे। इसके बाद इस खेप को आगे अन्य लोगों तक पहुंचाया जाता था।
नेटवर्क की आगे-पीछे की कड़ियां खंगाल रही पुलिस
इस मामले में अमृतसर के थाना स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) में केस दर्ज किया गया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर उनके अन्य साथियों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि सीमा पार से नशे की खेप मंगवाने से लेकर उसकी आगे सप्लाई तक नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, राज्य में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने और संगठित तस्करी नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
