खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश: नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल
एएम नाथ। चंबा : उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल की अध्यक्षता में आज जिला स्तरीय उपभोक्ता मामलों से संबंधित गतिविधियों के आयोजन एवं प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने के लिए विभाग द्वारा वर्तमान में किए जा रहे विभिन्न प्रयासों की समीक्षा की गई तथा भविष्य में इस दिशा में जन-जागरूकता गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए एक व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई।
उपायुक्त ने कार्ययोजना को व्यवहारिक़ रूप देने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जागरूकता को व्यापक स्तर तक पहुंचाने के लिए विभिन्न माध्यमों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग को निर्देश दिए कि जागरूकता गतिविधियों के संचालन में गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में उपभोक्ता जागरूकता क्लब गठित किए जाएं, ताकि विद्यार्थियों के माध्यम से उपभोक्ता अधिकारों का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक प्रभावी ढंग से पहुँचाया जा सके।
उपायुक्त ने खाद्य सुरक्षा विभाग को त्योहारों के मौसम के मद्देनजर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने खाद्य सुरक्षा वैन के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य पदार्थों की नियमित जांच विशेषज्ञों की देखरेख में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मिलावटखोरी एवं घटिया गुणवत्ता वाली खाद्य सामग्री की बिक्री पर प्रभावी निगरानी रखने तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने को भी कहा।
उन्होंने उपभोक्ता हितों के संरक्षण एवं अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए जागरूकता गतिविधियों की शुरुआत अधिक जनसंख्या घनत्व वाले क्षेत्रों से करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक उपभोक्ताओं तक इसका लाभ पहुंचाया जा सके।
बैठक में जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक करण ठाकुर, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कविता महाजन, सीपीओ सुनील कुमार, एसीएलएम प्रिया चंदेल उपस्थित रहे।
