ऊना जिले में 14 लोगों की मौत पर जताया दुख, हर संभव मदद का दिया भरोसा : बाढ़ के कारण हुए नुकसान का उपमुख्यमंत्री ने हरोली विधानसभा क्षेत्र में लिया जायजा : मुश्किल घड़ी में प्रभावितों के साथ खड़ी है हिमाचल सरकार – मुकेश अग्निहोत्री

by

रोहित भदसाली । ऊना, 12 अगस्त. उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने हरोली विधानसभा क्षेत्र में भारी बारिश और बाढ़ से हुए व्यापक नुकसान का जायजा लिया। सोमवार को अपने दौरे में उन्होंने बाथू-बाथड़ी क्षेत्र में बाढ़ से प्रभावित इलाकों, विशेष रूप से औद्योगिक इकाइयों में हुई क्षति का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रीतिका ग्रुप ऑफ़ इंडस्ट्रीज, वर्धमान इस्पात और बाथड़ी में एक पेट्रोल पंप को हुए नुकसान का भी जायजा लिया। उपमुख्यमंत्री ने प्रभावित औद्योगिक इकाइयों के संचालकों और कर्मचारियों से मुलाकात कर उन्हें हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि हिमाचल सरकार इस कठिन समय में उनके साथ खड़ी है।
कारणों की होगी विस्तृत जांच, ताकि भविष्य में ना हो ऐसी दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति
इस दौरान, उपमुख्यमंत्री ने मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि रविवार को हुई भारी बारिश के चलते हरोली के बाथू-बाथड़ी क्षेत्र में बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि खड्ड का रास्ता किसी कारण से बाधित होने के चलते ऐसी परिस्थितियां उत्पन्न हुईं। हरोली विधानसभा क्षेत्र, जो विकास के मॉडल के रूप में जाना जाता है, में बाढ़ के कारण उत्पन्न स्थितियों की विस्तृत जांच के लिए उपायुक्त ऊना को निर्देश दिए गए हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

राहत और पुनर्वास कार्यों को प्राथमिकता
मुकेश अग्निहोत्री ने सभी प्रभावित क्षेत्रों में राहत और पुनर्वास कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही और जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि कोई भी प्रभावित व्यक्ति राहत कार्यों से वंचित न रहे। उपमुख्यमंत्री ने सभी विभागीय प्रमुखों को जल्द से जल्द बुनियादी ढांचे की मरम्मत करने और राहत कार्यों में तेजी लाने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि रविवार की बारिश और बाढ़ से हरोली विधानसभा क्षेत्र में सड़कों, जल परियोजनाओं, और बिजली की स्कीमों को भारी क्षति पहुंची है। आपदा के चलते बिजली विभाग के 150 ट्रांसफार्मरों को नुकसान पहुंचा है, जिससे 25 प्रतिशत क्षेत्र बिजली की समस्या से प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि बिजली की समस्या से निपटने के लिए खम्बे, तार और ट्रांसफार्मर मंगवाए गए हैं, ताकि लोगों के घरों में जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल की जा सके। उन्होंने आश्वासन दिया कि बिजली विभाग के अधिकारी और कर्मचारी 48 घंटे के भीतर बिजली आपूर्ति को बहाल करने के लिए पूरी तत्परता से कार्य कर रहे हैं।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हरोली में जल शक्ति, पीडब्ल्यूडी और बिजली विभागों के डिवीजन खोले गए हैं, इससे लोगों को बहुत सुविधा होगी तथा पुनर्निर्माण कार्यों को अधिक गति से पूरा किया जा सकेगा। सभी विभागीय प्रमुखों को निर्देश दिए गए हैं कि राहत कार्यों को तत्परता के साथ पूरा किया जाए। आपदा के चलते लोगों के घरों को हुए नुकसान का आकलन भी राजस्व विभाग के माध्यम से किया जाएगा।

14 लोगों की मौत पर जताया दुख, हर संभव मदद का दिया भरोसा :
उपमुख्यमंत्री ने बाढ़ के कारण ऊना जिले में अलग-अलग हादसों में 14 लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया और पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने प्रभावित परिवारों को सरकार की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। बता दें, रविवार को हुई भारी बारिश के कारण ऊना जिले में जान माल की व्यापक क्षति हुई है, जिसमें बाथू-बाथड़ी क्षेत्र में तीन प्रवासी बच्चियों की बाढ़ की चपेट में आने से मृत्यु हो गई। इसके अलावा, जैजों गांव (हिमाचल-पंजाब सीमा) के पास एक वाहन पानी के तेज बहाव में बह गया, इस हादसे में ऊना जिले के देहलां और भटोली के रहने वाले 11 लोगों की मौत हो गई।
पंजाब सरकार से करेंगे जैजों में पुल निर्माण को लेकर बात
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली की सीमा से लगता जैजों क्षेत्र पंजाब राज्य के अंतर्गत आता है, ऐसे में वहां पुल निर्माण के मुद्दे पर पंजाब सरकार से बातचीत की जाएगी। यह पुल हिमाचल के लोगों के आवागमन के लिए भी महत्वपूर्ण है, खासकर हरोली में 2200 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला ड्रग पार्क इससे कनेक्ट होगा। ऐसे में वहां पुल की स्वाभाविक आवश्यकता है।
उपमुख्यमंत्री के दौरे में उपायुक्त जतिन लाल, पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह, संयुक्त निदेशक उद्योग अंशुल धीमान, जल शक्ति विभाग के अधीक्षण अभियंता नरेश धीमान सहित अन्य विभागीय अधिकारी, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष रणजीत राणा, कांग्रेस के जिला ओबीसी सेल के अध्यक्ष प्रमोद कुमार, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विनोद बिट्टू, बाथू की प्रधान सुरेखा राणा तथा अन्य पंचायती राज संस्थानों के प्रतिनिधि, और जिला कांग्रेस के पदाधिकारी उनके साथ रहे।

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
पंजाब

पंजाब सरकार का मिशन रोजगार : पहले स्टार्टअप कॉन्क्लेव में 100 से अधिक कंपनियों ने लिया हिस्सा

चंडीगढ़ : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी  में राज्य के पहले स्टार्टअप पंजाब कॉन्क्लेव का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने सरकार के इकोनॉमिक विज़न में इनोवेशन, कड़ी मेहनत...
article-image
पंजाब

पंजाब यूनिवर्सिटी की चैंपियन बनी खालसा कालेज गढ़शंकर की फुटबाल टीम

गढ़शंकर। शिरोमणी गुरूद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रबंधों के तहत चल रहे बब्बर अकाली मैरोरियल खालसा कालेज गढ़शंकर की फुटबाल टीम ने इंटर कालेज फुटबाल मुकाबलों में पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ की चैंपियन बनने का सम्मान...
article-image
पंजाब

Extend College Hours to 7 for

Hoshiarpur/Daljeet Ajnoha/ August 03 : Anil Kumar, Associate Professor in the Department of History at DAV College Hoshiarpur, has advocated for a significant academic reform across colleges in Punjab. Emphasizing the need for extended...
article-image
दिल्ली , पंजाब , राष्ट्रीय , समाचार , हरियाणा , हिमाचल प्रदेश

खन्ना जी आपका बहुत बहुत धन्यवाद : आबू धाबी से बेटे को ब्लडमनी देकर छुड़वाने के लिए दविंदर सिंह मान ने खन्ना का किया धन्यवाद

होशियारपुर 31 जनवरी  : सैला खुर्द निवासी दविंदर सिंह मान ने अपने बेटे हरविंदर मान को आबू धाबी से ब्लडमनी देकर छुड़वाने के लिए खन्ना व उनकी टीम का धन्यवाद किया। इस मौके दविंदर...
Translate »
error: Content is protected !!