उपायुक्त ने बैंकों को दिए निर्देश, पात्र विद्यार्थियों को 20 लाख तक शिक्षा ऋण देने और किसानों को बीमा योजनाओं से जोड़ने पर दिया जोर
एएम नाथ। सोलन, 23 नवंबर। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग (एमएसएमई) स्थापित करने के इच्छुक युवाओं को अब ऋण के लिए लंबा इंतजार न करना पड़े, इसके लिए उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने जिला के सभी बैंकों को पात्र आवेदनों पर शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि समय पर ऋण उपलब्ध होने से युवा अपना व्यवसाय शुरू कर सकेंगे और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
उपायुक्त सोमवार को अग्रणी बैंक यूको बैंक की ओर से आयोजित जिला सलाहकार समिति की 185वीं त्रैमासिक बैठक, जिला स्तरीय समीक्षा बैठक तथा यूको ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि लक्षित वर्गों की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति मजबूत करने में बैंकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। बैंक वित्तीय योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रभावी प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें, ताकि पात्र लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।
विद्यार्थियों को 20 लाख तक शिक्षा ऋण देने पर जोर
मनमोहन शर्मा ने बताया कि प्रदेश सरकार ने आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से डॉ. यशवंत सिंह परमार विद्यार्थी ऋण योजना शुरू की है। इस योजना के तहत अधिकतम 20 लाख रुपये तक शिक्षा ऋण देने का प्रावधान है। उन्होंने बैंक प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि पात्र विद्यार्थियों को प्राथमिकता के आधार पर ऋण उपलब्ध करवाया जाए, ताकि आर्थिक तंगी उनकी उच्च शिक्षा में बाधा न बने।
किसानों को फसल और पशु बीमा के लिए करें जागरूक
उपायुक्त ने कृषि और पशुपालन विभाग के अधिकारियों को किसानों को फसल बीमा तथा पशु बीमा योजनाओं के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं को अधिक सुलभ बनाने के लिए पंचायत स्तर पर बैंकिंग प्रतिनिधियों के मोबाइल नंबर और अन्य आवश्यक जानकारी प्रदर्शित की जाए, ताकि ग्रामीण अपनी बैंक संबंधी समस्याओं का समय पर समाधान करवा सकें।
10 प्रशिक्षण शिविरों में 284 लोगों को मिला प्रशिक्षण
यूको आरसेटी की बैठक में उपायुक्त ने संस्थान को कृषि व्यवसाय से जुड़े प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संस्थान विभिन्न विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर पंचायत स्तर पर प्रशिक्षण शिविर और किसान क्रेडिट कार्ड मेले नियमित रूप से आयोजित करे।
बैठक में यूको बैंक की जिला प्रबंधक तमन्ना मोदगिल ने बताया कि 30 सितंबर 2026 तक सोलन जिले में प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत 3,81,435, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत 1,49,885 तथा अटल पेंशन योजना के तहत 99,773 लाभार्थियों को जोड़ा जा चुका है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत जिले में 6,462 लाभार्थियों को करीब 174.39 करोड़ रुपये के ऋण स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत वित्त वर्ष 2026-27 में विभिन्न बैंकों में पंजीकृत 1,210 स्वयं सहायता समूहों को 24.26 करोड़ रुपये का ऋण उपलब्ध करवाया गया है।
यूको आरसेटी की निदेशक मीनू बारिया ने बताया कि पिछली तिमाही में 10 प्रशिक्षण शिविरों के माध्यम से 284 पात्र लाभार्थियों को निःशुल्क प्रशिक्षण दिया गया।
बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष शीला कुमारी, भारतीय रिजर्व बैंक के अधिकारी, अग्रणी बैंक के जिला अधिकारी इबादत सिंह सेठी, नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक अशोक चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बैंकों के प्रबंधक एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
