औषधीय गुणों से युक्त भांग के लिए हिमाचल जाना जाएगा : मुख्यमंत्री की ‘ग्रीन टू गोल्ड’ पहल से बढ़ेगी किसानों की आमदनी

by
एएम नाथ। शिमला :  हिमाचल प्रदेश को वर्ष 2027 तक आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प को धरातल पर उतारते हुए, मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने एक ऐतिहासिक ‘ग्रीन टू गोल्ड’ पहल की शुरुआत की है। राज्य सरकार का यह साहसिक आर्थिक प्रयोग औद्योगिक भांग की खेती को वैध और विनियमित कर हिमाचल की अर्थव्यवस्था को वैश्विक बायो-इकॉनोमी में अग्रणी बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
दशकों से कुल्लू, मंडी और चंबा जैसी घाटियों में जंगली रूप से उगने वाली भांग को अब तक केवल नशे और अवैध व्यापार से जोड़कर देखा जाता था, लेकिन वर्तमान प्रदेश सरकार ने औषधीय गुणों से युक्त इस प्राकृतिक संपदा को एक बहुमूल्य औद्योगिक संसाधन के रूप में पहचाना है। इसका उपयोग पर्यावरण के अनुकूल कपड़ा उद्योग, पेपर एवं पैकंजिग, कॉसमैटिक, बॉयो फ्यूल, एनर्जी इंडस्ट्री में करने के साथ इससे बायो-प्लास्टिक जैसे अत्याधुनिक उत्पाद भी तैयार किए जा सकेंगे। पहाड़ी राज्य हिमाचल सही मानको तथा पॉलिसी के साथ पर्यावरण हितैषी औद्योेगिक विकास का मुख्य केन्द्र बनकर उभरेगा।
इस नीति का एक सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह है कि औद्योगिक उपयोग के लिए उगाई जाने वाली भांग में टेट्राहाइड्रोकैनाबिनोल (टी.एच.सी.) की मात्रा 0.3 प्रतिशत से कम रखी जाएगी। इसके तहत वैज्ञानिक मानक सुनिश्चित करते हुए पौधे में नशे रहित रखा जाएगा ताकि इसका दुरुपयोग न हो सके। इसके अतिरिक्त इस पौधे की उच्च गुणवत्ता युक्त फाइबर और बीज उत्पादन क्षमता बनी रहेगी। इस दृष्टिकोण के माध्यम से मुख्यमंत्री ने सामाजिक सरोकारों और आर्थिक प्रगति के बीच एक आदर्श संतुलन स्थापित किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 24 जनवरी, 2025 को आयोजित राज्य प्रदेश मंत्रिमंडल ने भांग की नियंत्रित खेती के पायलट अध्ययन प्रोजेक्ट को मंजूरी दी है। इस रणनीति का मुख्य उद्देश्य भांग की नशीली छवि को बदलकर इसे एक आर्थिक संसाधन के रूप में स्थापित करना है। सरकारी अनुमानों के अनुसार, पूरी तरह से लागू होने पर इस विनियमित खेती से राज्य के खजाने में सालाना 500 से 2000 करोड़ रुपये से अधिक का अतिरिक्त राजस्व प्राप्त हो सकता है। राज्य सरकार एक ठोस कानूनी और वैज्ञानिक ढांचा तैयार कर, उस बाजार पर अधिकार करना चाहती है जिस पर वर्तमान में अवैध व्यापार या अंतरराष्ट्रीय आयातों का कब्जा है।
राजस्व वृद्धि के अलावा, यह पहल हिमाचल के किसान समुदाय के लिए भी एक वरदान साबित होगी। भांग एक जलवायु-अनुकूल फसल है जिसे कपास जैसी पारंपरिक फसलों की तुलना में 50 प्रतिशत कम पानी की आवश्यकता होती है। जलवायु परिवर्तन के इस दौर में, भांग की खेती किसानों के लिए एक बेहतर विकल्प बनकर उभरेगी। भांग की फसल को जंगली जानवरों का कोई खतरा नहीं होता है।
इस पहल को सफल बनाने के लिए चौधरी सरवण कुमार हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, पालमपुर और डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी को उच्च उपज वाले और कम टी.एच.सी. वाले बीजों को विकसित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उन्होंने कहा कि इस संबंध में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित की गई। इस कमेटी ने उत्तराखंड के डोईवाला तथा मध्यप्रदेश में की  जा रही भांग की खेती का अध्ययन कर अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपी है।
मुख्यमंत्री का लक्ष्य हिमाचल प्रदेश को पर्यावरण के अनुकूल निर्माण सामग्री, विशेष वस्त्रों और आयुर्वेदिक दवाओं के निर्माण केंद्र के रूप में विकसित करना है। इससे न केवल वर्ष 2032 तक हिमाचल को देश का सबसे समृद्ध राज्य बनाने का मार्ग प्रशस्त होगा, बल्कि युवाओं के लिए नए स्टार्टअप और रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि सरकार नशे को नहीं, बल्कि उद्योग को बढ़ावा दे रही है ताकि राज्य की प्राकृतिक संपदा का लाभ नशा माफिया के बजाय सीधे किसानों और सरकारी खजाने को मिले।
Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
पंजाब , हिमाचल प्रदेश

जालंधर में आतंकवादी गिरफ्तार : CM मान के दौरे से पहले पुलिस को मिली बड़ी सफलता BSF हेडक्वार्टर के बाहर ब्लास्ट से जुड़े तार

एएम नाथ। जालंधर : पंजाब में लगातार सामने आ रहे धमाकों और ग्रेनेड हमलों के बीच जालंधर पुलिस ने एक आतंकवादी को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पाकिस्तान की...
article-image
हिमाचल प्रदेश

प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के खिलाफ जेएनयू में नारेबाज़ी वामपंथी और कांग्रेस की हताशा का प्रतीक : जयराम ठाकुर

देशवासियों के दिलों में बसते हैं नरेंद्र मोदी और शाह, अपशब्द कहने वालों को जवाब देगा देश सरकार द्वारा आवासीय प्लाटों के रजिस्ट्रेशन फीस में वृद्धि जन विरोधी एएम नाथ। शिमला :  पूर्व मुख्यमंत्री...
article-image
हिमाचल प्रदेश

हॉस्टल में ट्रांसफार्मर ब्लास्ट : झुलसने से 7 स्टूडेंट बुरी तरह घायल, कई स्टूडेंट जान बचाने के लिए खिड़की से गए कूद

नई दिल्ली । राजस्थान के कोटा में आज सुबह करीब 6 बजे एक हॉस्टल में ट्रांसफार्मर ब्लास्ट हो गया। धमाका होते ही भीषण आग लग गई, जिसमें झुलसने से 7 स्टूडेंट बुरी तरह घायल...
article-image
हिमाचल प्रदेश

मंडलायुक्त ने मतदाता जागरूकता के लिए डेमोक्रेसी वाहन को दिखाई हरी झंडी : जोगिन्दर नगर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक मतदान केंद्र तक पहुंचकर मतदाताओं को करेगी जागरूक

जोगिन्दर नगर, 03 अप्रैल- मंडलायुक्त मंडी राखिल काहलों ने आज लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह परिसर जोगिन्दर नगर से मतदान के प्रति मतदाता जागरूकता के लिए डेमोक्रेसी वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।...
Translate »
error: Content is protected !!