एएम नाथ। कुल्लू, 16 नवंबर : हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले की मणिकर्ण घाटी में सोमवार को पर्यटकों से भरी एक टेंपो ट्रैवलर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। चोंग सरसाड़ी के पास हुए इस हादसे में ओडिशा के 12 पर्यटक घायल हो गए। घायलों में से सात की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें कुल्लू क्षेत्रीय अस्पताल रेफर किया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, टेंपो ट्रैवलर में सवार सभी पर्यटक ओडिशा के रहने वाले थे और एक ही परिवार से संबंधित बताए जा रहे हैं। वे मणिकर्ण और मनाली घूमने के लिए हिमाचल प्रदेश आए थे। बताया जा रहा है कि सरसाड़ी के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते टेंपो ट्रैवलर (नंबर HR 67D 3613) सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को वाहन से बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे में घायल पर्यटकों का उपचार जारी है। दुर्घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।
फोटो कैप्शन : मणिकर्ण घाटी के सरसाड़ी में टेंपो ट्रैवलर हादसे के बाद राहत एवं बचाव कार्य में जुटे स्थानीय लोग।
