कैंसर मरीजों के बढ़ रहे आंकड़े , हिमाचल में भी डराने लगे : हर 225 में से एक पीड़ित – विशेषज्ञ क्या बता रहे वजह

by

एएम नाथ। शिमला : हिमाचल प्रदेश में कैंसर मरीजों को लेकर डराने वाले आंकड़े सामने आए हैं। हिमाचल प्रदेश में 32 हजार से ज्यादा कैंसर रोगी हैं। आबादी के लिहाज से देखें तो हर  225 लोगों में से एक कैंसर से पीड़ित है।  हिमाचल प्रदेश के छह अस्पतालों में कैंसर मरीजों के उपचार की सुविधा मिल रही है। हिमाचल विधानसभा में स्वास्थ्य मंत्री ने कैंसर मरीजों का आंकड़ा साझा किया है। इंदौरा के विधायक मलेंद्र राजन के सवाल के लिखित जवाब में सूबे के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में 32903 कैंसर रोगी रजिस्टर्ड हैं।

किस अस्पताल में कितने मरीज :      स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी बताया कि शिमला, कांगड़ा, मंडी, सिरमौर, चम्बा और हमीरपुर जिलों में कैंसर मरीजों के उपचार की सुविधा उपलब्ध है। कांगड़ा के टांडा मेडिकल कॉलेज में सबसे ज्यादा 19135 कैंसर मरीज रजिस्टर्ड हैं। शिमला के आईजीएमसी में कैंसर मरीजों की संख्या 11343, सिरमौर के नाहन मेडिकल कॉलेज में 1471, हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में 535, मंडी के नेरचौक मेडिकल कॉलेज में 424 और चम्बा मेडिकल कॉलेज में एक है।

हर 225 लोगों में एक को कैंसर :    राष्ट्रीय आयोग की तकनीकी समूह की रिपोर्ट के अनुसार, 1 जुलाई 2024 तक हिमाचल प्रदेश की आबादी 7,518,000 यानी 75.18 लाख होने का अनुमान है। इस हिसाब से देखें तो हर 225 व्यक्तियों में से एक कैंसर से पीड़ित है।

IGMC में हर साल आ रहे 3000 मरीज :   आईजीएमसी शिमला के रेडियोलॉजी विभाग के अध्यक्ष डॉ. मनीष गुप्ता का कहना है कि अकेले उनके अस्पताल में हर साल 2500 से 3000 कैंसर के नए रोगी इलाज के लिए आ रहे हैं।

क्या वजह बता रहे विशेषज्ञ :   कृषि एवं बागवानी विशेषज्ञ डॉ. एसपी भारद्वाज का कहना है कि कैंसर के बढ़ते मामलों के कारणों में सब्जी-फल उत्पादन में रसायनों का बढ़ता प्रयोग भी एक कारण है। डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी (सोलन) का एक शोध बताता है कि प्रदेश में फल-सब्जियों की खेती में जमकर रसायनों का प्रयोग हो रहा है। 3 से 4 फीसदी फल-सब्जियों के नमूनों में कीटनाशक-फफूंदनाशकों के अवशेष की मात्रा तय सीमा से अधिक है। हिमाचल में रसायनों का प्रयोग राष्ट्रीय औसत से 1 फीसदी अधिक है।

आईजीएमसी और हिमाचल विवि कर रहे शोध :   कैंसर के बढ़ते मामलों पर आईजीएमसी और हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय मिलकर एक शोध कर रहे हैं। इस शोध में सामने आया है कि खेतों में इस्तेमाल होने वाले कीटनाशकों का कितना हिस्सा पानी के स्रोत में जा रहा है, जो कैंसर के मामले बढ़ा रहा है। शोध के नतीजे अगले 6 से 8 महीने में सामने आ जाएंगे।

हमीरपुर में बन रहा कैंसर केयर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस : हमीरपुर जिले में कैंसर केयर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस तैयार किया जा रहा है, जहां न्यूक्लियर मेडिसन का विशेष विभाग स्थापित किया जाएगा, जिसमें बड़ी क्षमता की न्यूक्लियर लैब और साइकलोट्रोन भी उपलब्ध करवाया जाएगा। इसके लिए राज्य सरकार ने बजट में 300 करोड़ का प्रावधान किया है।

कैंसर रोगियों को मुफ्त मिल रही 42 दवाएं : हिमाचल में कैंसर रोगियों को निःशुल्क उपचार मिल रहा है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पिछले महीने शिमला में स्टेट एडवाइजरी बोर्ड ऑन कैंसर एंड पैलिएटिव केयर प्रोग्राम की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कैंसर रोग के निःशुल्क उपचार और दवाएं प्रदान करने की घोषणा की थी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कैंसर के उपचार के लिए 42 दवाएं निःशुल्क देगी। इसमें ट्रैस्टुजुमाब टीका भी शामिल है, जिसका मूल्य करीब 40 हजार रुपये होता है। ये दवाइयां सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध करवाई जा रही हैं।

देश में दूसरे स्थान पर हिमाचल :    मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के अनुसार, देश के उत्तर-पूर्वी राज्यों में कैंसर के सबसे अधिक मामले सामने आए हैं। हिमाचल प्रदेश जनसंख्या के अनुपात के लिहाज से कैंसर के मामलों में देश में दूसरे स्थान पर है। इसे देखते हुए कैंसर रोगियों को राहत देने के लिए निर्णय लिया गया है। शिमला में स्टेट एडवाइजरी बोर्ड ऑन कैंसर एंड पैलिएटिव केयर प्रोग्राम की पहली बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। सरकारी अस्पतालों में कैंसर के उपचार के लिए 42 दवाएं निःशुल्क मिलेंगी। इन्हें राज्य की अनिवार्य दवा सूची में शामिल किया गया है।

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
पंजाब

प्रसिद्ध फुटबाल खिलाड़ी निंदर राय को मोटरसाईकल देकर सम्मानित करेगें एनआरआईज

गढ़शंकर: गांव मोरांवाली में रहे शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह स्र्पोटस कलब, गांव मोरांवाली दुारा आयोजित पचासवें वार्षिक फुटबाल टूर्नामैंट दौरान फुटबाल के प्रसिद्ध खिलाड़ी निंदर राय को फुटवाल खेल में लंबे समय से शानदार...
article-image
हिमाचल प्रदेश

लंबित बिजली के बिलों का शीघ्र करें भुगतान : सहायक अभियंता टी. आर. ठाकुर

एएम नाथ। चम्बा : विद्युत उप मंडल-1 चंबा के सहायक अभियंता टी. आर. ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड द्वारा गैर-व्यावसायिक एवं गैर-घरेलू श्रेणी के सभी सरकारी...
article-image
पंजाब

नई बोतलों में पुरानी शराब के समान है, भाजपा का घोषणा पत्र : तिवारी

चंडीगढ़, 27 मई: चंडीगढ़ संसदीय क्षेत्र से इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार मनीष तिवारी ने अपने घोषणापत्र में किए गए भारतीय जनता पार्टी के दावों की धज्जियां उड़ाते हुए कहा है कि यह नई बोतलों...
article-image
पंजाब

पंजाब में बनेगा बासमती का ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस : डच कंपनियों को सीएम भगवंत मान ने दिया निमंत्रण

चंडीगढ़ : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के प्रयासों से राज्य में बासमती के लिए एक उच्च स्तरीय सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किया जाएगा, जिससे राज्य में फसली विविधता को बढ़ावा मिलेगा और...
Translate »
error: Content is protected !!