भंजराड़ू में 6 परियोजनाओं का किया उद्घाटन, 3 नई सड़कों की रखी आधारशिला; पेयजल व्यवस्था और ग्रामीण सड़क संपर्क को मिलेगी मजबूती
एएम नाथ। चंबा। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने जिला चंबा के चुराह विधानसभा क्षेत्र के भंजराड़ू में 60.67 करोड़ रुपये की लागत वाली 9 विकासात्मक परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने 6 परियोजनाओं का लोकार्पण किया, जबकि 3 सड़क निर्माण कार्यों की आधारशिलाएं रखीं। इन परियोजनाओं में सड़क उन्नयन, नए संपर्क मार्गों के निर्माण और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल सुविधाओं के विस्तार से जुड़े कार्य शामिल हैं।
25.51 करोड़ से कियाणी-कोटी सड़क का उन्नयन
मुख्यमंत्री ने 2.84 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित लोक निर्माण विभाग मंडल कार्यालय भवन तीसा का उद्घाटन किया। इसके साथ ही 25.51 करोड़ रुपये की लागत से कियाणी-राजनगर-चकलू-कोटी सड़क के उन्नयन कार्य को भी जनता को समर्पित किया। सड़क के बेहतर होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और दूरदराज के गांवों का संपर्क मजबूत होगा।
पांच पेयजल परियोजनाओं का किया लोकार्पण
ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने कई योजनाओं का उद्घाटन किया। इनमें 2.35 करोड़ रुपये की लागत से ग्राम पंचायत सत्यास के लिए राणिकोट नाला से पेयजल आपूर्ति योजना शामिल है।
उन्होंने 1.68 करोड़ रुपये से ग्राम पंचायत करेर और चरौड़ी की विभिन्न पेयजल योजनाओं के पुनर्गठन एवं संवर्धन कार्यों का भी लोकार्पण किया। इसके अलावा 4.58 करोड़ रुपये की लागत से ग्राम पंचायत भंजराड़ू और खुशनगरी के अंतर्गत फुलतवास, सतलोग-प्रथम व द्वितीय तथा खुशनगरी पेयजल योजना के लिए अतिरिक्त जल स्रोत उपलब्ध करवाने के कार्य को जनता को समर्पित किया।
ग्राम पंचायत घुलेई की विभिन्न पेयजल योजनाओं के सुधार एवं संवर्धन पर 2.85 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इन कार्यों से संबंधित गांवों में पेयजल आपूर्ति को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
तीन गांवों के लिए बनेंगी नई संपर्क सड़कें
मुख्यमंत्री ने सड़क संपर्क बढ़ाने के उद्देश्य से तीन नई परियोजनाओं की आधारशिलाएं रखीं। इनमें 8.27 करोड़ रुपये की लागत से गांव कैहला के लिए संपर्क सड़क, 5.64 करोड़ रुपये से गांव टिकरी के लिए संपर्क सड़क और 6.94 करोड़ रुपये की लागत से डकाला से कुंडा तक सड़क निर्माण कार्य शामिल है।
इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलने के साथ स्थानीय संपर्क व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि इन विकासात्मक परियोजनाओं से चुराह क्षेत्र में आधारभूत ढांचे और जनसुविधाओं को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी। सड़कों के बेहतर संपर्क से वाहनों की आवाजाही सुगम होगी और क्षेत्र का सड़क नेटवर्क मजबूत बनेगा।
उन्होंने कहा कि पेयजल योजनाओं के माध्यम से संबंधित गांवों के लोगों को स्वच्छ एवं नियमित पेयजल उपलब्ध करवाने में सहायता मिलेगी। सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है।
