खुशीनगर पहुंचने पर उमड़े क्षेत्रवासी, महिलाओं और युवाओं ने सरकारी योजनाओं के लिए मुख्यमंत्री का जताया आभार
एएम नाथ। चंबा। चुराह विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू का तिस्सा से देग्रां तक विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। खुशीनगर पहुंचने पर स्थानीय प्रशासन, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री का भव्य अभिनंदन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री की एक झलक पाने और उनसे मिलने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
स्वागत समारोह में स्थानीय महिलाओं और युवाओं ने प्रदेश सरकार की ओर से जनहित में चलाई जा रही योजनाओं के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। लोगों ने मुख्यमंत्री के प्रति अपना स्नेह प्रकट करते हुए मंच और उनके वाहन पर पुष्प वर्षा की। क्षेत्रवासियों के उत्साह और स्वागत से माहौल उत्सवमय हो गया।
जनता का प्यार विकास के लिए प्रेरणा : सुक्खू
मुख्यमंत्री ने लोगों का अभिवादन स्वीकार करते हुए कहा कि चुराह की जनता का प्यार और उत्साह देखकर उन्हें बेहद खुशी हुई है। उन्होंने कहा कि लोगों का यह स्नेह प्रदेश के विकास के लिए और अधिक मेहनत करने की प्रेरणा देता है। प्रदेश सरकार हिमाचल के दुर्गम क्षेत्रों के चहुंमुखी विकास और वहां रहने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश हज कमेटी के अध्यक्ष दिलदार अली भट्ट सहित स्थानीय प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
