गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में शुरू होगा राष्ट्रव्यापी अभियान का अगला चरण, सात राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से गुजरकर 3 दिसंबर को काशी में होगा समापन
नई दिल्ली, 17 नवंबर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 18 नवंबर को पंजाब के जालंधर से पार्टी की 16 दिवसीय ‘समरसता संकल्प यात्रा’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। अपने एक दिवसीय जालंधर दौरे के दौरान वह डेरा सचखंड बल्लां में माथा टेकेंगे, जनसभा को संबोधित करेंगे और संत समाज के साथ सहभोज एवं संवाद कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, नितिन नवीन दोपहर 1:10 बजे डेरा सचखंड बल्लां स्थित संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद दोपहर 1:35 बजे जालंधर-पठानकोट जीटी रोड पर डेरा सचखंड बल्लां के नजदीक गांव रायपुर से यात्रा को रवाना करेंगे। इस मौके पर आयोजित जनसभा को भी संबोधित करेंगे। दोपहर 2:55 बजे वह गांव रायपुर में संत समाज के साथ सहभोज और संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे।
गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती पर सालभर चल रहा अभियान
भाजपा संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती को वर्षभर चलने वाले राष्ट्रीय उत्सव के रूप में मना रही है। पार्टी के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान की शुरुआत 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर काशी से हुई थी।
अभियान के तहत अब तक देशभर में करीब 29 हजार ‘कलश वंदना यात्राएं’ निकाली जा चुकी हैं। इसके अलावा 30 हजार से अधिक संतों से संपर्क किया गया है। सामाजिक समरसता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से लगभग 51 हजार स्थानों पर ‘समरस दीप महोत्सव’ भी आयोजित किए गए हैं।
सात राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से गुजरेगी यात्रा
अभियान के अगले चरण के तहत 18 नवंबर से 3 दिसंबर तक 16 दिवसीय समरसता संकल्प यात्रा निकाली जाएगी। जालंधर से शुरू होने वाली यह यात्रा पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, चंडीगढ़, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश से होकर गुजरेगी। इस दौरान यात्रा कुल 2,402 किलोमीटर की दूरी तय करेगी और 3 दिसंबर को काशी में इसका समापन होगा।
यात्रा के दौरान 100 से अधिक छोटी जनसभाएं और 17 बड़े कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है। इनमें केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारी भी शामिल होंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से गुरु रविदास जी के विचारों, सामाजिक समानता और उनकी ‘बेगमपुरा’ यानी दुख-रहित समाज की परिकल्पना को लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
भाजपा का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य गुरु रविदास जी की शिक्षाओं और सामाजिक समरसता के संदेश को देश के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचाना है। जालंधर से शुरू होने वाली यह यात्रा इसी राष्ट्रीय अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी होगी।
