धार्मिक सजा भुगतने के लिए जत्थेदार से मांगा समय, 16 अक्टूबर को पांच सिंह साहिबानों की बैठक में घोषित किए गए थे तनखैया
चंडीगढ़। श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से तनखैया घोषित किए गए पायल से आम आदमी पार्टी के विधायक मनविंदर सिंह ग्यासपुरा ने करीब एक महीने बाद अपनी टिप्पणियों के लिए माफी मांग ली है। उन्होंने श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज को पत्र लिखकर अपनी गलती स्वीकार की है। साथ ही धार्मिक सजा (तनखाह) भुगतने के लिए समय देने की अपील की है।
ग्यासपुरा का यह कदम ऐसे समय सामने आया है, जब आम आदमी पार्टी की ओर से उन्हें विधानसभा चुनाव के लिए टिकट दिया जा चुका है। ऐसे में चुनावी माहौल के बीच उनकी ओर से माफी मांगने और धार्मिक सजा भुगतने की इच्छा जताने को अहम घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है।
गौरतलब है कि 16 अक्टूबर को पांच सिंह साहिबानों की बैठक में मनविंदर सिंह ग्यासपुरा को तनखैया घोषित किया गया था। उन पर श्री हरिमंदिर साहिब के सेवादारों के खिलाफ जातिगत भेदभाव के आरोप लगाने और सिख संस्थाओं व धार्मिक शख्सियतों के प्रति आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने के आरोप थे।
तनखैया घोषित किए जाने के बाद से ही यह मामला धार्मिक और राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ था। अब ग्यासपुरा की ओर से माफी मांगने और धार्मिक सजा स्वीकार करने की इच्छा जताने के बाद सबकी नजरें श्री अकाल तख्त साहिब के अगले फैसले पर टिकी हैं।
