गढ़शंकर। आम आदमी पार्टी की ओर से विधानसभा चुनाव 2027 के लिए लगातार तीसरी बार हलका गढ़शंकर से उम्मीदवार घोषित किए जाने पर डिप्टी स्पीकर जय कृष्ण सिंह रौड़ी ने अड्डा झुंगियां स्थित माता शीतला देवी मंदिर में माथा टेककर क्षेत्र की सुख-शांति और खुशहाली की कामना की। इसके बाद उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बाजार में पैदल मार्च निकाला तथा दुकानदारों और स्थानीय लोगों से मुलाकात कर समर्थन के लिए आभार जताया।
इस दौरान लोगों ने उनका स्वागत किया और क्षेत्र की समस्याओं से अवगत करवाया। रौड़ी ने कहा कि पार्टी हाईकमान और हलके के लोगों ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उसे पूरी ईमानदारी से निभाएंगे। हलके का सर्वपक्षीय विकास और लोगों की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता रहेगी। इस मौके पर चरणजीत सिंह चन्नी, बलदीप सिंह सैनी, प्रिंस चौधरी सहित पार्टी के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
