गढ़शंकर। श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें गुरुपर्व को लेकर श्री खुरालगढ़ साहिब में आयोजित होने वाले विशाल धार्मिक समारोहों की तैयारियां तेज हो गई हैं। समारोहों के प्रबंधों का जायजा लेने के लिए पंजाब विधानसभा के डिप्टी स्पीकर एवं गढ़शंकर के विधायक स. जय कृष्ण सिंह रौड़ी ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक प्रबंध समय पर पूरे करने के निर्देश दिए।
बैठक में डिप्टी स्पीकर रौड़ी ने कहा कि श्री गुरु रविदास महाराज जी का 650वां गुरुपर्व संगत के लिए ऐतिहासिक एवं महत्वपूर्ण अवसर है। श्री खुरालगढ़ साहिब का गुरु जी की जीवन यात्रा और ऐतिहासिक विरासत से विशेष संबंध है। ऐसे में समारोहों के प्रबंध श्रद्धा, गंभीरता और योजनाबद्ध तरीके से किए जाने चाहिए।
उन्होंने कहा कि गुरुपर्व के अवसर पर पंजाब सहित देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसके मद्देनजर यातायात व्यवस्था, पार्किंग, सड़कों की मरम्मत, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई, रोशनी, सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के उचित प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।
डिप्टी स्पीकर ने अधिकारियों को अपने-अपने विभाग से संबंधित कार्यों की योजना बनाकर निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही के कारण संगत को परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभी विभाग आपसी तालमेल से कार्य करें और तैयारियों की निरंतर निगरानी करें। आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं, एंबुलेंस और मेडिकल टीमों की तैनाती सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
रौड़ी ने कहा कि श्री गुरु रविदास महाराज जी ने मानवता को समानता, भाईचारे, सांझीवालता और सेवा का संदेश दिया। 650वें गुरुपर्व के समारोह उनकी महान विचारधारा और ऐतिहासिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर हैं। उन्होंने अधिकारियों को धार्मिक मर्यादा और श्री खुरालगढ़ साहिब की पवित्रता का विशेष ध्यान रखते हुए समारोहों को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के निर्देश दिए।
बैठक में समारोहों से जुड़े विभिन्न प्रबंधकीय पहलुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया तथा संबंधित विभागों को आगामी कार्रवाई के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
