आकांक्षी ब्लॉकों में जनहितकारी कार्यों के लिए सीएसआर फंडिंग पर जोर
शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और आजीविका से जुड़े कार्यों को मिलेगी प्राथमिकता
एएम नाथ। चम्बा : केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 और 2027-28 के लिए निर्धारित सीएसआर गतिविधियों के तहत जिले में विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रस्ताव तैयार किए जाएंगे। इस संबंध में सोमवार को उपायुक्त कार्यालय के एनआईसी कक्ष में उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। बैठक में सीएसआर फंडिंग के तहत पात्र विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
उपायुक्त ने सभी एसडीएम और विभिन्न विभागों के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों की जरूरतों के अनुरूप जनहित से जुड़े विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तैयार प्रस्तावों को सीएसआर फंडिंग के लिए संबंधित केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों को भेजा जाएगा, ताकि अधिक से अधिक विकास कार्यों के लिए वित्तीय सहायता प्राप्त की जा सके।
उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने एसडीएम तीसा और पांगी को दोनों आकांक्षी ब्लॉकों में अतिरिक्त विकास कार्यों की संभावनाएं तलाशने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तीसा और पांगी जैसे दूरदराज के क्षेत्रों की वास्तविक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए उपयोगी, टिकाऊ और जनहितकारी परियोजनाओं को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने अधिकारियों से ऐसे प्रस्ताव तैयार करने को कहा, जिनसे स्थानीय लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिल सके और विकास की गति को और बढ़ाया जा सके।
————————-
लंबित कार्य समय पर पूरे करने के निर्देश
उपायुक्त ने योजना के तहत पहले से चल रहे सभी विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने अधिकारियों से कार्यों की नियमित निगरानी करने और निर्माण एवं क्रियान्वयन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने कहा कि स्वीकृत परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करना संबंधित विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
——————–
शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका कार्यों पर जोर
बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, खेल, पोषण, जल संरक्षण और आजीविका संवर्धन से जुड़े कार्यों के प्रस्ताव तैयार करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके अतिरिक्त आंगनवाड़ी भवनों, शौचालय, पेयजल सुविधाओं, स्मार्ट टीवी, चारदीवारी, बच्चों के अनुकूल फर्नीचर और खेल उपकरण उपलब्ध करवाने संबंधी कार्य भी प्रस्तावों में शामिल किए जाएंगे।
खेल मैदानों के विकास, आधुनिक कार्यशालाओं, प्रयोगशालाओं, स्मार्ट कक्षाओं और डिजिटल शिक्षण सुविधाओं को भी सीएसआर गतिविधियों के तहत प्राथमिकता देने पर चर्चा हुई।
बैठक में एसडीएम तीसा राजेश कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी जेएस भारद्वाज, उप निदेशक उच्च शिक्षा विकास महाजन, उपनिदेशक उद्यान डॉ. प्रमोद शाह, जिला विकास अधिकारी तिवेंदर चिनौरिआ, जिला योजना अधिकारी डॉ. देवेंद्र सिंह, जिला आयुष अधिकारी डॉ. अनिता शर्मा, महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला योजना अधिकारी कमल किशोर शर्मा, खंड विकास अधिकारी, अधिशासी अभियंता जितेंद्र शर्मा और सहायक अभियंता दिनेश कुमार सहित विभिन्न उपमंडलों के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।
