बेटी को सैला खुर्द छोड़कर लौट रही थी महिला, पुलिस ने टिप्पर और चालक को हिरासत में लिया
गढ़शंकर, 21 नवंबर : होशियारपुर-चंडीगढ़ मुख्य मार्ग पर गांव सैला खुर्द के नजदीक एक तेज रफ्तार टिप्पर की चपेट में आने से स्कूटी सवार महिला की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि महिला टिप्पर के नीचे आकर बुरी तरह कुचल गई। सूचना मिलने पर सैला खुर्द चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर टिप्पर और उसके चालक को हिरासत में ले लिया तथा मामले की जांच शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान सिमरन कौर पत्नी स्वर्गीय सतपाल सिंह निवासी गांव गोलियां, थाना गढ़शंकर के रूप में हुई है। मृतका के देवर राम जी ने बताया कि 21 नवंबर को सुबह करीब 9 बजे उनकी भाभी सिमरन कौर अपनी स्कूटी नंबर PB-024-F-6585 पर बेटी को सैला खुर्द छोड़कर वापस घर लौट रही थीं।
जब वह पड्डी पोआ के नजदीक पहुंचीं तो गढ़शंकर की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे टिप्पर नंबर PB-07-CP-4884 ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद महिला टिप्पर के नीचे आ गई और गंभीर रूप से कुचल गई।
राम जी ने बताया कि वह भी घटनास्थल के आसपास मौजूद थे। हादसे के तुरंत बाद परिजन घायल सिमरन कौर को उपचार के लिए सिविल अस्पताल गढ़शंकर ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सैला खुर्द चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और टिप्पर सहित चालक को हिरासत में लेकर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
फोटो कैप्शन: सड़क हादसे में जान गंवाने वाली सिमरन कौर की फाइल फोटो।
