विधानसभा परिसर में मेडिकल रिपोर्ट और एक्स-रे देखकर दी सलाह, दवाइयां भी लिखीं
सियासी घेराबंदी के बीच मरीजों के लिए बने डॉक्टर, न्यूरो सर्जन जनकराज का दिखा पुराना अंदाज
एएम नाथ। धर्मशाला : तपोवन विधानसभा परिसर में एक बार फिर भरमौर-पांगी के विधायक डॉ. जनकराज का चिकित्सकीय अंदाज देखने को मिला। शीतकालीन विधानसभा सत्र के दौरान विधायक की भूमिका के साथ-साथ उन्होंने डॉक्टर का फर्ज भी निभाया। विधानसभा परिसर में स्वास्थ्य संबंधी परामर्श लेने पहुंचे लोगों की भीड़ के बीच डॉ. जनकराज मरीजों की मेडिकल रिपोर्ट, पुरानी पर्चियां, एक्स-रे और सीटी स्कैन देखते नजर आए। उन्होंने मरीजों की स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां सुनीं और उपलब्ध मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर उन्हें चिकित्सकीय परामर्श दिया। इस दौरान उन्होंने जरूरत के अनुसार मरीजों को दवाइयां भी लिखीं।
विधानसभा परिसर में डॉ. जनकराज के पास स्वास्थ्य संबंधी सलाह लेने के लिए कई लोग पहुंचे। कोई अपनी पुरानी मेडिकल फाइल लेकर आया तो कोई एक्स-रे और अन्य जांच रिपोर्ट लेकर अपनी बीमारी के बारे में जानकारी लेने पहुंचा। विधायक ने एक-एक कर लोगों की समस्याएं सुनीं और उनकी रिपोर्ट का अवलोकन किया। विधानसभा परिसर में मरीजों की अच्छी-खासी भीड़ जुटने से उनका चिकित्सकीय अंदाज चर्चा का विषय बन गया।
————————-
मुख्यमंत्री भी साध चुके हैं निशाना
गौरतलब है कि विधायक डॉ. जनकराज का मरीजों की मेडिकल पर्चियां देखने और चिकित्सकीय परामर्श देने का मामला पिछले कुछ समय से राजनीतिक चर्चा में रहा है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी इस मुद्दे को लेकर उन पर निशाना साध चुके हैं। कुछ महीने पहले नादौन में आयोजित मेडिकल कैंप के दौरान भी डॉ. जनकराज की भूमिका को लेकर सियासी बयानबाजी हुई थी। इसके बावजूद तपोवन में एक बार फिर उनका डॉक्टर वाला रूप सामने आने से यह विषय राजनीतिक गलियारों में चर्चा का केंद्र बन गया है।
——===———–
न्यूरो सर्जन से विधायक तक का सफर
डॉ. जनकराज हिमाचल प्रदेश के जाने-माने न्यूरो सर्जन रहे हैं। चिकित्सा क्षेत्र में अपनी सेवाएं देने के बाद उन्होंने नौकरी से इस्तीफा देकर राजनीति में कदम रखा और भरमौर-पांगी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीतकर विधायक बने। हालांकि राजनीति में आने के बाद भी उनका चिकित्सकीय अनुभव लोगों के लिए उपयोगी साबित होता दिखाई दे रहा है। तपोवन में विधानसभा सत्र के दौरान मरीजों की समस्याएं सुनना और मेडिकल रिपोर्ट देखकर सलाह देना उनके इसी अनुभव की झलक है। अब विधानसभा परिसर में उनके इस अंदाज की खूब चर्चा हो रही है।
