देवताओं के नजराने में 5% और बजंतरियों के मानदेय में 10% बढ़ोतरी : कुल्लू दशहरा समापन पर सुक्खू की घोषणाओं की झड़ी, विकास कार्यों के लिए करोड़ों रुपये

by

मुख्यमंत्री सुक्खू ने समापन समारोह में की घोषणाएं, भुंतर में खुलेगा बिजली सब-डिवीजन और सीवरेज के लिए मिलेंगे 22 करोड़ रुपये

रोहित जसवाल / एएम नाथ।  कुल्लू  । अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा-2026 के समापन समारोह में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने देवी-देवताओं के नजराने में पांच प्रतिशत और बजंतरियों के मानदेय में 10 प्रतिशत बढ़ोतरी करने की घोषणा की। उन्होंने देवताओं के मुख्य गुर को 1100 रुपये की सम्मान राशि देने का भी ऐलान किया। इसके अलावा, कुल्लू जिले में सड़क, सीवरेज, बिजली, स्वास्थ्य और शिक्षा से संबंधित विभिन्न विकास कार्यों के लिए वित्तीय सहायता की घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री ने लेफ्ट बैंक क्षेत्र को जोड़ने के लिए लगभग पांच करोड़ रुपये और मणिकर्ण सड़क के निर्माण के लिए पांच करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि देने की घोषणा की। भुंतर में सीवरेज प्रणाली के निर्माण के लिए 22 करोड़ रुपये उपलब्ध करवाए जाएंगे। उन्होंने भुंतर में विद्युत सब-डिवीजन खोलने तथा विद्युत कमांड-बारा मार्ग के लिए 50 लाख रुपये देने का भी ऐलान किया।

महिला मंडलों को 35-35 हजार रुपये

मुख्यमंत्री ने दशहरा उत्सव में भाग लेने वाले महिला मंडलों को 35-35 हजार रुपये की सम्मान राशि देने और बजौरा स्कूल में विज्ञान भवन के निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि कुल्लू जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा। अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों, नर्सों और पैरा मेडिकल स्टाफ की नियुक्ति की जाएगी। साथ ही, विश्वस्तरीय चिकित्सा तकनीक उपलब्ध करवाने के लिए पर्याप्त धनराशि दी जाएगी, ताकि जिले के लोगों को बेहतर उपचार मिल सके।

अदरक का न्यूनतम समर्थन मूल्य 40 रुपये करने की तैयारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में अदरक का न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाकर जल्द ही 40 रुपये करने की योजना है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों की आमदनी बढ़ाने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सभी वर्गों का सहयोग जरूरी है। राज्य सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई योजनाओं पर काम कर रही है।

आपदा प्रभावितों के पुनर्वास के लिए बढ़ाई सहायता

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2023 की आपदा से कुल्लू जिले को भारी नुकसान हुआ था। उस दौरान सरकार ने प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने के लिए लगातार काम किया। उन्होंने आपदा के समय कुल्लू के लोगों की ओर से पर्यटकों की मदद करने के प्रयासों की सराहना की।

उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए नियमों में बदलाव किया गया और घर बनाने के लिए दी जाने वाली सहायता राशि डेढ़ लाख रुपये से बढ़ाकर आठ लाख रुपये की गई, ताकि प्रभावित परिवारों को बेहतर तरीके से बसाया जा सके।

स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र में सुधार पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य और शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए काम कर रही है। कुल्लू दशहरा का आयोजन भी लगातार बेहतर बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का व्यवस्था परिवर्तन का संकल्प उत्सव के आयोजन में भी दिखाई देता है।

उन्होंने हिमाचल प्रदेश की अर्थव्यवस्था को लेकर विपक्ष की आलोचना का जवाब देते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रयासरत है।

600 से अधिक महिलाओं और कलाकारों ने कार्निवाल में लिया भाग

मुख्यमंत्री ने कुल्लू कार्निवाल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसमें 600 से अधिक महिलाओं और कलाकारों ने भाग लिया।

विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि दशहरा उत्सव को सफल बनाने में अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न वर्गों का सहयोग रहा। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक दलों की भागीदारी से उत्सव को देश-विदेश में पहचान मिली है। प्रदेश के सांस्कृतिक दलों को विदेशों में भेजने के प्रयास भी किए जा रहे हैं, ताकि हिमाचल की समृद्ध संस्कृति का प्रचार हो सके।

विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार विभिन्न वर्गों के कल्याण के लिए काम कर रही है, विशेषकर महिलाओं और अनाथ बच्चों पर ध्यान दिया जा रहा है।

सांस्कृतिक दलों को पुरस्कार

समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के लिए भुट्टी विवर्ज सांस्कृतिक दल को प्रथम, सूत्रधार कला संगम को द्वितीय और युवा कला मंच को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया।

इस अवसर पर विधायक सुरेश कुमार, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष विद्या नेगी, मिल्कफेड के अध्यक्ष बुद्धि सिंह, एपीएमसी अध्यक्ष राम सिंह मियां, पूर्व विधायक किशोरी लाल, जिला अध्यक्ष सेस राम आजाद, सचिव स्वास्थ्य आशीष सिंघमार, मंडल आयुक्त आर.के. प्रुथी, उपायुक्त अमित शर्मा, पुलिस अधीक्षक अभिषेक एस. सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
दिल्ली , पंजाब , हिमाचल प्रदेश

जमकर मचाया उत्पात – एक लड़की घायल… पर्यटक ने कार में खरोंच लगने पर निकाली तलवार, कार का शीशा तोड़ा

ऋषिकेश :   चंद्रभागा पुल के समीप एक पर्यटक ने तलवार लहराकर जमकर उत्पात मचाया। तलवार की चपेट में आने से एक लड़की घायल हो गई। पुलिस का कहना है कि सिख यात्री की धर...
article-image
हिमाचल प्रदेश

 कांग्रेस सरकार रोज़गार देने के बजाय रोजगार छीनने का काम कर रही : पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर

 सराज :    पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू  सरकार पर निशाना साधा है l जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में आने से पहले युवाओं...
article-image
हिमाचल प्रदेश

सरोल पंचायत के बन्नू फाट में भूस्खलन की चपेट में आने से एक युवक की मौत

एएम नाथ। चम्बा : चम्बा जिला के साथ लगती सरोल पंचायत के बन्नू फाट में भूस्खलन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई है। मृतक युवक की पहचान विजय कुमार...
article-image
हिमाचल प्रदेश

सुशासन सप्ताह के अंतर्गत 71 जन समस्याओं का मौके पर किया गया समाधान : उपायुक्त मुकेश रेपसवाल

  एएम नाथ। चंबा : उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि ज़िला के विभिन्न उपमंडलों में प्रशासन गांव की ओर कार्यक्रम के तहत सुशासन सप्ताह के अंतर्गत संबंधित एसडीएम की अध्यक्षता...
Translate »
error: Content is protected !!