नवांशहर। जिले में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। दोनों घटनाओं के संबंध में पुलिस ने वाहन चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहला हादसा गांव नाई मजारा के पास हुआ। गांव माजरा जट्टां निवासी हरविंदर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने साथी अरुण कुमार निवासी रायपुर और गुरप्रीत सिंह निवासी टौंसा के साथ मोटरसाइकिल पर जिला खेल कार्यालय नवांशहर जा रहे थे। बाइक गुरप्रीत सिंह चला रहा था।
जब वे नाई मजारा के निकट पहुंचे तो सड़क निर्माण कार्य के चलते यातायात को दूसरी ओर से निकाला जा रहा था। इसी दौरान आगे चल रहे एक टिप्पर चालक ने अचानक ब्रेक लगा दी। इससे उनकी मोटरसाइकिल टिप्पर के पीछे जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गुरप्रीत सिंह के सिर में गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, हरविंदर सिंह के सिर और बाजू तथा अरुण कुमार के मुंह पर चोटें आईं।
दूसरा हादसा सजावलपुर गुरुद्वारा साहिब के पास हुआ। गांव जानियां निवासी मुनीत कुमार ने पुलिस को बताया कि उसके पिता सुखविंदर पाल स्कूटी पर नवांशहर से अपने गांव लौट रहे थे, जबकि वह अपने मोटरसाइकिल पर उनके पीछे आ रहा था। जब वे गुरुद्वारा साहिब के पास पहुंचे तो पीछे से तेज रफ्तार में आए एक मोटरसाइकिल ने उसके पिता की स्कूटी को टक्कर मार दी। बाइक पर दो लोग सवार थे।
हादसे में सुखविंदर पाल गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल नवांशहर पहुंचाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने दोनों मामलों में संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281, 106 और 324(4) के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
