सीवरेज संयंत्र का भी किया लोकार्पण, सात वार्डों के 7,500 परिवारों को मिलेगा लाभ
एएम नाथ। धर्मशाला, 16 अक्तूबर। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को धर्मशाला के सकोह में 33.78 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इंडोर आइस स्केटिंग रिंक एवं रोलर स्केटिंग रिंक की आधारशिला रखी। इस परियोजना से क्षेत्र में खेल सुविधाओं को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने और परियोजना को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
प्रस्तावित परिसर में खिलाड़ियों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। भवन के बेसमेंट में जिम, बिलियर्ड्स रूम और कैफे बनाया जाएगा, जबकि धरातल मंजिल पर वीआईपी लाउंज की व्यवस्था होगी। ऊपरी बालकनी में 1,079 दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी। रोलर स्केटिंग रिंक की दर्शक दीर्घा में 250 लोगों के बैठने की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा परिसर में 250 वाहनों की पार्किंग सुविधा भी उपलब्ध होगी।
9.82 करोड़ के सीवरेज संयंत्र का लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने धर्मशाला शहर में 9.82 करोड़ रुपये की लागत से तैयार अत्याधुनिक सीवरेज एवं सेप्टेज प्रबंधन संयंत्र का भी लोकार्पण किया। इस संयंत्र की क्षमता प्रतिदिन 60 किलोलीटर (60 केएलडी) है। इसके शुरू होने से सीवरेज नेटवर्क से वंचित शहर के सात वार्डों को सुविधा मिलेगी और करीब 7,500 परिवार लाभान्वित होंगे।
इस अवसर पर कृषि मंत्री प्रो. चंद्र कुमार, ग्रामीण विकास मंत्री अनिरुद्ध सिंह, आयुष मंत्री यादविंद्र गोमा, उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास बोर्ड के अध्यक्ष आर.एस. बाली, स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार गोकुल बुटेल, राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया, सांसद अनुराग शर्मा, विधायक आशीष बुटेल, सुरेश कुमार और मलेंद्र राजन सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
