विधायक किशोरी लाल बोले—आधुनिक उपकरणों से किसानों की कार्यक्षमता बढ़ाने और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने पर सरकार का जोर
एएम नाथ। बैजनाथ, 19 अक्टूबर। बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र के धानग गांव में विधायक किशोरी लाल ने प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के वाटरशेड विकास घटक 2.0 के तहत 45 लाभार्थियों को 13 लाख 70 हजार रुपये की लागत के कृषि उपकरण, स्प्रे पंप और इलेक्ट्रिक हैंड प्लेनर वितरित किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि आधुनिक उपकरण किसानों की मेहनत कम करने के साथ कृषि कार्यों को अधिक सुविधाजनक और प्रभावी बनाने में सहायक हैं।
विधायक ने कहा कि कृषि उपकरणों से किसानों को खेतीबाड़ी के कार्यों में सुविधा मिलेगी, जबकि इलेक्ट्रिक हैंड प्लेनर से बढ़ईगीरी का काम करने वाले लोगों को भी अपना कार्य अधिक आसानी और कुशलता से करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों, बागवानों और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की आर्थिकी मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। आधुनिक उपकरणों और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता से कृषि कार्यों की दक्षता बढ़ाने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के अवसरों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
माधोनगर में सुनीं लोगों की समस्याएं
धानग में कार्यक्रम के बाद विधायक किशोरी लाल ने माधोनगर गांव में स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने उन्हें विभिन्न समस्याओं से अवगत करवाया। विधायक ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए काम कर रही है, ताकि लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
होली-उतराला सड़क का मामला विधानसभा में उठाया
होली-उतराला सड़क का उल्लेख करते हुए विधायक ने कहा कि यह सड़क बैजनाथ और भरमौर क्षेत्रों को जोड़ने की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। इसके निर्माण से आवागमन सुगम होने के साथ पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने और स्थानीय लोगों को बेहतर सड़क सुविधा मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि बैजनाथ मंडल के अंतर्गत आने वाले सड़क के हिस्से का निर्माण विभिन्न चरणों में किया जा रहा है। इस सड़क के निर्माण का मुद्दा उन्होंने विधानसभा में भी उठाया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से इसके निर्माण के लिए बजट में धनराशि उपलब्ध करवाने की बात कही गई है।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी डॉ. विवेक गुलेरिया, धानग पंचायत प्रधान कृष्ण लता, उपप्रधान रोहित कपूर, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विरेंद्र जमवाल, युवा कांग्रेस अध्यक्ष अतुल चौधरी, मीडिया प्रभारी अमित शर्मा, सह मीडिया प्रभारी अजय गौड़, वीके राणा, जोगिंद्र कपूर, संसार, भगवान दास और सुरेंद्र राणा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
