पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व पर हाईकमान का रुख साफ, राजा वड़िंग नहीं बदले जाएंगे

by

सचिन पायलट ने नेताओं से कहा- 2027 चुनाव से पहले किसी को CM फेस घोषित नहीं किया जाएगा; सामूहिक नेतृत्व में चुनाव लड़ेगी कांग्रेस

चंडीगढ़, 12 सितंबर। पंजाब कांग्रेस में चल रही अंदरूनी खींचतान के बीच पार्टी हाईकमान ने प्रदेश नेतृत्व और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। नए प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने पंजाब कांग्रेस के नेताओं के साथ बैठक में संकेत दिया कि फिलहाल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को बदलने की कोई योजना नहीं है। साथ ही 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले किसी भी नेता को मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित नहीं किया जाएगा।

बहुमत के बाद तय होगा मुख्यमंत्री

जयपुर में पंजाब कांग्रेस के नेताओं के साथ चर्चा के दौरान सचिन पायलट ने कहा कि जिन राज्यों में कांग्रेस विपक्ष में होती है, वहां पार्टी आमतौर पर किसी एक नेता को पहले से मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित कर चुनाव नहीं लड़ती।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी नेता और कार्यकर्ता एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरेंगे और यदि पार्टी को बहुमत मिलता है तो इसके बाद मुख्यमंत्री के नाम पर फैसला किया जाएगा।

पायलट के इस रुख को पंजाब कांग्रेस में चल रही गुटबाजी के बीच महत्वपूर्ण संदेश माना जा रहा है।

चन्नी गुट की मांगों को झटका

पार्टी के अंदर चरणजीत सिंह चन्नी गुट की ओर से लंबे समय से पंजाब कांग्रेस के नेतृत्व में बदलाव की मांग उठने की चर्चा रही है। इसके साथ ही चन्नी को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए मुख्यमंत्री का चेहरा बनाने की पैरवी भी की जाती रही है।

हालांकि यह मांग कई बार सार्वजनिक रूप से सीधे तौर पर सामने नहीं आई, लेकिन पार्टी की अंदरूनी बैठकों में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर दबाव बनाए जाने की चर्चा रही है। ऐसे में पायलट का बयान चन्नी खेमे के लिए हाईकमान की ओर से स्पष्ट संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।

राजा वड़िंग के नेतृत्व में आगे बढ़ेगी पार्टी

सचिन पायलट के रुख से फिलहाल यह संकेत मिल रहा है कि हाईकमान राजा वड़िंग के नेतृत्व में ही पंजाब कांग्रेस को आगे बढ़ाने के पक्ष में है। इससे पहले पंजाब कांग्रेस के प्रभारी रहे भूपेश बघेल भी मौजूदा नेतृत्व को मजबूत टीम बता चुके हैं।

अब पायलट की ओर से नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों पर विराम लगाने से यह स्पष्ट हो गया है कि 2027 के चुनाव से पहले प्रदेश अध्यक्ष बदलने की संभावना फिलहाल नजर नहीं आ रही।

चन्नी को कैंपेन कमेटी की जिम्मेदारी

चरणजीत सिंह चन्नी को पहले ही पंजाब कांग्रेस की कैंपेनिंग कमेटी का चेयरमैन बनाया जा चुका है। हालांकि इस जिम्मेदारी के बाद अभी तक उनकी ओर से कोई बड़ी बैठक नहीं की गई है।

वहीं, पायलट ने संकेत दिया है कि पंजाब में कांग्रेस के चुनावी अभियान का नेतृत्व राहुल गांधी करेंगे। इससे यह संदेश भी माना जा रहा है कि चन्नी को कैंपेनिंग कमेटी की जिम्मेदारी मिलने के बावजूद चुनाव अभियान की व्यापक रणनीति और अंतिम दिशा हाईकमान के हाथ में रहेगी।

गुटबाजी पूरी तरह खत्म नहीं

हाईकमान के संदेश के बावजूद पंजाब कांग्रेस के भीतर दोनों खेमों के बीच दूरी पूरी तरह खत्म होती दिखाई नहीं दे रही। राजा वड़िंग और चन्नी गुट के नेता कई मौकों पर अलग-अलग कार्यक्रम करते नजर आए हैं।

संगरूर में गुलजार सिंह आत्महत्या मामले को लेकर भी दोनों गुटों की अलग-अलग गतिविधियां सामने आई थीं। चन्नी अपने समर्थक नेताओं के साथ परिवार से मिलने पहुंचे और राज्यपाल से मुलाकात की, जबकि राजा वड़िंग अलग समय पर परिवार से मिले। दोनों नेताओं का एक साथ कार्यक्रम में नजर नहीं आना पार्टी के भीतर चल रही खींचतान की चर्चा को और हवा देता है।

इसके अलावा चन्नी गुट के नेताओं की अलग बैठकें भी जारी हैं। हाल ही में सुखजिंदर सिंह रंधावा, चरणजीत सिंह चन्नी और तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा सहित कई नेताओं की जालंधर में बैठक हुई थी।

पायलट ने दिया पार्टी लाइन पर चलने का संदेश

प्रदेश प्रभारी बनने के बाद सचिन पायलट दिल्ली में कांग्रेस के प्रमुख नेताओं के साथ अलग-अलग बैठकें कर चुके हैं। सूत्रों के अनुसार, इन बैठकों में उन्होंने नेताओं को हाईकमान की आगामी रणनीति और चुनावी तैयारियों को लेकर पार्टी लाइन से अवगत कराया है।

पार्टी के भीतर यह संदेश भी दिया गया है कि सभी नेताओं को सामूहिक रणनीति के तहत काम करना होगा और पार्टी लाइन से अलग गतिविधियों को लेकर हाईकमान नजर रखेगा।

फिलहाल पायलट के रुख से पंजाब कांग्रेस के लिए तीन बातें स्पष्ट मानी जा रही हैं—राजा वड़िंग के नेतृत्व में तत्काल बदलाव नहीं होगा, 2027 चुनाव से पहले किसी नेता को CM फेस नहीं बनाया जाएगा और कांग्रेस सामूहिक नेतृत्व के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी।

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
पंजाब

मिड-डे मील वर्कर्स ने केनरा बैंक में खाता खोलने के आदेश के खिलाफ शिक्षा मंत्री को विरोध पत्र भेजा

पंजाब सरकार द्वारा पिछले दो महीनों से मानदेय ना दिए जाने की की कड़ी निंदा गढ़शंकर, 30 जुलाई :  मिड-डे मील वर्कर्स यूनियन पंजाब द्वारा अपनी मांगों को लेकर शिक्षा मंत्री पंजाब को विरोध...
article-image
पंजाब

पंजाब गवर्नमेंट एडिड स्कूल टीचर्स एवं अन्य कर्मचारी यूनियन होशियारपुर ने चुने नए पदाधिकारी

होशियारपुर/दलजीत अजनोहा :  पंजाब स्टेट गवर्नमेंट एडिड स्कूल टीचर्स एवं अन्य कर्मचारी यूनियन की जिला इकाई की बैठक के.आर.के. डीएवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, गढ़ीवाला में आयोजित की गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में...
article-image
दिल्ली , पंजाब , हरियाणा , हिमाचल प्रदेश

21 से अधिक बार एसपी को किया फोन- कांग्रेस विधायक का आरोप एसपी नहीं उठाते मेरा फोन : विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण से की लिखित शिकायत

कैथल। गुहला से कांग्रेस विधायक देवेंद्र हंस ने आरोप लगाया है कि जिले के एसपी राजेश कालिया उनका फोन नहीं उठाते हैं। विधायक ने विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण से लिखित शिकायत की है। स्पीकर...
article-image
पंजाब

खालसा कॉलेज में उद्यमिता पर लैक्चर का आयोजन किया गया : डिलीशियस बाइट की व्यवसायी दिलप्रीत कौर ने बताया कि छोटे स्तर पर व्यवसाय शुरू करना किस प्रकार होता सहायक

गढ़शंकर : बब्बर अकाली मेमोरियल खालसा कॉलेज गढ़शंकर के कार्यकारी प्रिंसिपल प्रो. लखविंदरजीत कौर के नेतृत्व में भाषा विभाग और आई.आई.सी. ‘उद्यमिता’ विषय पर एक विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। इस अवसर पर वक्ता...
Translate »
error: Content is protected !!