सीएम भगवंत मान ने चंडीगढ़ में की घोषणा, दो महीने में 11% बढ़ाया डीए; कर्मचारियों को 3,988 करोड़ रुपये का लाभ मिलने का दावा
चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को दिवाली का तोहफा देते हुए महंगाई भत्ते (डीए) में 3 प्रतिशत बढ़ोतरी की घोषणा की है। इस वृद्धि के बाद कर्मचारियों और पेंशनभोगियों का डीए 50 प्रतिशत से बढ़कर 53 प्रतिशत हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने 4 नवंबर को चंडीगढ़ में इसकी घोषणा करते हुए कहा कि राज्य के करीब 8 लाख कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को इस फैसले का लाभ मिलेगा।
भगवंत मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के समय वर्ष 2022 में कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 28 प्रतिशत था। उनकी सरकार ने पिछले दो महीनों में डीए में कुल 11 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। इससे पहले भी सरकार की ओर से 8 प्रतिशत डीए बढ़ाया गया था। मुख्यमंत्री के अनुसार, इस फैसले से कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को आर्थिक राहत मिलेगी।
उन्होंने बताया कि सरकार के इस फैसले से करीब 3,988 करोड़ रुपये का वित्तीय लाभ संबंधित वर्ग को मिलेगा। मान ने कहा कि उनकी सरकार ने योग्यता के आधार पर अब तक 71,777 युवाओं को सरकारी नौकरियां दी हैं। कर्मचारियों की मांगों पर बातचीत के लिए सरकार के दरवाजे हमेशा खुले हैं। कर्मचारी जब चाहें अपनी समस्याएं और मांगें सरकार के सामने रख सकते हैं।
राहुल गांधी की रैली पर बोले- सभी को रैली करने का अधिकार
संगरूर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की इंसाफ रैली के बारे में पूछे जाने पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि लोकतंत्र में सभी राजनीतिक दलों को रैली करने का अधिकार है। हर पार्टी अपनी बात जनता के सामने रख सकती है। राहुल गांधी की रैली पर उन्होंने कोई विस्तृत टिप्पणी करने से परहेज किया।
ED की छापेमारी पर भाजपा को घेरा
मोगा की AAP विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा से जुड़े ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय की छापेमारी को लेकर भगवंत मान ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केंद्रीय जांच एजेंसियों की सक्रियता से संकेत मिलता है कि चुनाव समय पर होने वाले हैं। मान ने आरोप लगाया कि चुनाव नजदीक आते ही भाजपा ED और CBI जैसी एजेंसियों का इस्तेमाल करती है। उन्होंने कहा कि छापेमारी होने दीजिए, जांच एजेंसियों को कुछ नहीं मिलेगा।
पराली जलाने के मुद्दे पर दिल्ली को लेकर दिया बयान
पंजाब में पराली जलाने से दिल्ली में प्रदूषण बढ़ने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली के प्रदूषण के लिए पंजाब जिम्मेदार नहीं है। उन्होंने दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा का जिक्र करते हुए कहा कि वह भी इस बात को जानते हैं। मान ने आरोप लगाया कि पराली के मुद्दे पर पंजाब को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। गौरतलब है कि मनजिंदर सिंह सिरसा ने 3 नवंबर को पराली जलाने की घटनाओं को लेकर पंजाब सरकार की आलोचना की थी।
